सात एनएच परियोजनाओं की बढ़ेगी चौड़ाई, 1597 करोड़ की आयेगी लागत

सात एनएच परियोजनाओं की बढ़ेगी चौड़ाई, 1597 करोड़ की आयेगी लागत

संवाददाता, पटना

राज्य में सात एनएच परियोजनाओं की चौड़ाई बढ़ाकर पेव्ड सोल्डर के साथ दो लेन की जायेगी. इन सभी सात सड़क परियोजनाओं की कुल लंबाई करीब 227 किमी है और इनकी चौड़ाई बढ़ाने में 1597 करोड़ रुपये की लागत आयेगी. इन सभी सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की सहमति भी केंद्र सरकार के स्तर से मिल गई है. साथ ही इसे 2025-26 के लिए राज्य सरकार की वार्षिक कार्य योजना में शामिल किया गया है. इन सभी सड़कों के लिए जमीन अधिग्रहण की समस्या का लगभग समाधान हो चुका है. साथ ही निर्माण प्रक्रिया अगले महीने तक शुरू होने और अगले साल तक निर्माण पूरा होने की संभावना है.

नेपाल, सीमांचल और झारखंड तक आवागमन होगा बेहतर

सूत्रों के अनुसार सात एनएच परियोजनाओं में शामिल सड़कों के निर्माण से नेपाल, सीमांचल और झारखंड तक आवागमन बेहतर हो सकेगा. फिलहाल इन सड़कों की चौड़ाई कम रहने और इन पर ट्रैफिक गतिविधियां अधिक होने से जगह-जगह जाम लग जाता है. इस कारण यात्रा तय करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगता है. सड़कों की चौड़ाई बढ़ने के बाद यात्रा में कम समय लगने के कारण व्यापारिक गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी. खासकर राजधानी पटना से नेपाल, सीमांचल और झारखंड की तरफ जाने के लिए इन सभी सड़कों का इस्तेमाल करने वालों को आवागमन में सुविधा होगी.

इन सड़कों का होगा चौड़ीकरण

बरबीघा से बांका तक एनएच 333ए का 108 किमी लंबाई में 760 करोड़ रुपये की लागत से तीन चरणों में निर्माण होगा. इसमें पहले चरण में बरबीघा से खैरा तक करीब 59 किमी लंबाई में 400 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा. दूसरे चरण में खैरा से कटोरिया तक 19 किमी लंबाई में 160 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा. तीसरे चरण में कटोरिया से बांका तक 30 किमी लंबाई में 200 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा. इसके अलावा समस्तीपुर से दरभंगा एनएच-322 का 24 किमी लंबाई में 220 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा.

वहीं अरेराज से बेतिया एनएच-139 डब्ल्यू का 54 किमी लंबाई में 75 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा. अंबा से हरिहरगंज एनएच-139 डब्ल्यू का पांच किमी लंबाई में 31 करोड़ की लागत से निर्माण होगा. साथ ही सीतामढ़ी से मधुबनी बॉर्डर के चिरौत तक 32 किमी लंबाई में 500 करोड़ की लागत से सड़क बनेगी. वहीं एनएच-31 में महमूद चौक से मनिया तक दो किमी लंबाई में छह करोड़ और एनएच-227ए में दो किमी लंबाई में पांच करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mithilesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >