यूपीएससी ने 301 रैंक पर गाजीपुर की डॉ आकांक्षा को बताया सही

यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में रैंक 301 को लेकर फैल रहे भ्रम पर स्पष्टीकरण जारी कर दिया है

-यूपीएससी ने रैंक 301 को लेकर जारी किया स्पष्टीकरण, एक ही आकांक्षा सिंह हुईं सफल

संवाददाता, पटना

यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में रैंक 301 को लेकर फैल रहे भ्रम पर स्पष्टीकरण जारी कर दिया है. यूपीएससी ने आरा की आकांक्षा सिंह के दावे को गलत माना है. वहीं, गाजीपुर की आकांक्षा सिंह को सही माना है. यूपीएससी ने कहा कि इस तरह का भ्रम नहीं फैलाया जाये. भ्रम फैलाने पर कार्रवाई की जायेगी. आयोग की ओर से पीआइबी दिल्ली की ओर से सोमवार को जारी सूचना में कहा गया है कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के रिजल्ट में एक ही नाम की दो अभ्यर्थियों आकांक्षा सिंह द्वारा रैंक 301 प्राप्त करने का दावा किया जा रहा था, जो सही नहीं है. आयोग के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार सिविल सेवा परीक्षा 2025 में रैंक 301 केवल एक अभ्यर्थी आकांक्षा सिंह को प्राप्त हुआ है. उनका रोल नंबर 0856794 है. उनके पिता का नाम रंजीत सिंह और माता का नाम नीलम सिंह है. उनका पता गांव अभैपुर, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश है. यूपीएससी के अधिकारी ने बताया कि इस स्पष्टीकरण का उद्देश्य रैंक 301 को लेकर फैल रही भ्रामक सूचनाओं को दूर करना है. गौरतलब है कि सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम छह मार्च को घोषित किया गया था. परिणाम जारी होने के बाद एक ही नाम की दो अभ्यर्थियों द्वारा समान रैंक का दावा किये जाने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गयी थी. आयोग के रिकॉर्ड के आधार पर यह साफ है कि रैंक 301 पर केवल एक ही अभ्यर्थी सफल हुई हैं.

छह मार्च को जारी रिजल्ट होने के बाद विवाद आया था सामने

छह मार्च को यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में 301वीं रैंक को लेकर विवाद सामने आया था. रोल नंबर 0856794 और नाम आकांक्षा सिंह पर दो महिला अभ्यर्थियों ने दावा कर दिया था. एक अभ्यर्थी बिहार के आरा से जबकि दूसरी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली थी. परिणाम जारी होने के बाद बिहार में रणवीर सेना प्रमुख ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह के घर जश्न का माहौल बन गया था. उन्होंने मीडिया से बातचीत कर अपनी सफलता की कहानी भी साझा की. हालांकि, इसी बीच गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) की डॉ आकांक्षा सिंह ने दावा किया कि 301वीं रैंक उनकी है. उन्होंने प्रभात खबर से बातचीत में कहा कि उनका नाम डॉ आकांक्षा सिंह है. यूपीएससी 2025 में 301वीं रैंक हासिल की है. डॉ आकांक्षा ने बताया कि वह गाजीपुर की रहने वाली हैं और पेशे से गायनेकोलॉजिस्ट हैं. उन्होंने एम्स पटना से मास्टर्स किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANURAG PRADHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >