Patna Crime News: पटना में सिरफिरे युवक ने दो बहनों को मारा चाकू, पढ़िए क्या है पूरा मामला

Patna Crime News राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह 11 बजे युवकों ने दो बहनों को चाकू से गोद कर जख्मी कर दिया.

Patna Crime News दीघा थाना क्षेत्र के रामजीचक ब्रह्मस्थानी गली में शुक्रवार की सुबह 11 बजे युवकों ने दो बहनों प्रीति व पूजा को चाकू से गोद कर घायल कर दिया. घटना में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गयीं, जिन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. एक की हालत गंभीर है. इस घटना को अंजाम देने में दो युवक शामिल थे, जो घटना के बाद फरार हो गये. डीएसपी विधि-व्यवस्था टू दिनेश कुमार पांडेय ने कहा कि पड़ोस के रहने वाले गोविंद और रवि ने ही घटना को अंजाम दिया था. दोनों परिवारों के बीच आपसी विवाद था. प्रीति की स्थिति गंभीर बनी हुई है. पूजा और प्रीति के पिता का देहांत हो चुका है. मां सीता देवी दाई का काम करती हैं और वह उस वक्त घर पर नहीं थीं.

पूजा की हत्या करने की थी प्लानिंग

मंझली बहन चंचल ने बताया कि दोनों बहनें घर में काम कर रही थीं. इसी बीच गोविंद और रवि घर में घुस गये. घुसते ही दोनों को पूजा नजर आयी, तो उसे चाकू मारने लगा. चिल्लाने की आवाज सुनकर प्रीति आयी, तो बदमाशों ने प्रीति को भी चाकुओं से गोद दिया. ताबड़तोड़ चाकूबाजी के बाद दोनों लहूलुहान हो गयीं. घटना के बाद दीघा थाने को पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दी. मंझली बहन चंचल शादीशुदा है. वह राजीव नगर में रहती है. घटना के बाद वह मायके पहुंची. उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों को पीएमसीएच में भर्ती कराया.

पूजा की शादी तोड़ने में लगा था गोविंद

डीएसपी ने कहा कि जांच चल रही है. पता लगाया जा रहा है कि गोविंद पूजा की शादी को क्यों बिगाड़ना चाह रहा था. मिली जानकारी के अनुसार पूजा की शादी तय हो गयी थी और गोविंद शादी को तोड़ना चाहता था. नवंबर महीने में उसकी शादी होनी है. शादी को तोड़ने के लिए गोविंद ने पूजा के साथ दूसरे लड़के का फोटो एडिट कर ससुराल पक्ष वालों को भेज दिया. इस बात की जानकारी होने के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था. तीन दिन पहले पूजा के घर से गोविंद का झगड़ा हुआ था. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >