Grand Mango Festival: पटना में दो दिन शनिवार और रविवार को ग्रैंड मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा. शहर के आशियाना-दीघा रोड स्थित बधाई बैंक्वेट हॉल में आमों की वेरायटी सजेगी. बिहार नर्सरीमेन एसोसिएशन की ओर आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल का उद्घाटन 13 जून को कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे, जबकि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अंजनी कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण दुनिया का सबसे महंगा माना जाने वाला जापानी आम मियाजाकी होगा. आयोजकों की माने तो, यह आम तीन हजार रुपये किलो इस महोत्सव में उपलब्ध रहेगा, जबकि पिछले सीजन में सोशल मीडिया और वायरल वीडियो के अनुसार इसकी कीमत दो लाख रुपये किलो तक पहुंच चुकी थी.
मैंगो फेस्टिवल में रहेंगी ये वेरायटी
महोत्सव में मियाजाकी के अलावा रेड आइवरी, आर 2ई2, बारी-4, कैटिमोन, सेंसेशन, सिंधु सीडलेस, अल्फांसो, जर्दालू, गुलाबखास, लंगड़ा मालदह सहित देश-विदेश की 100 से अधिक दुर्लभ और प्रीमियम आम की किस्मों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी.
मैंगो टेस्टिंग की भी रहेगी सुविधा
बुधवार को प्रेस को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष एके मणि ने बताया कि महोत्सव में आने वाले लोग विशेष सत्र में आम चखने का लुत्फ भी उठा सकेंगे. इसके साथ ही, लोग सीधे किसानों और नर्सरी संचालकों से आम के फल और फलदार पौधे उचित कीमत पर खरीद सकते हैं. आयोजन के सफल संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी ग्रीन शेल्टर नर्सरी संभाल रही है, जबकि ग्रीन जिंजर इसका फूड पार्टनर है.
किसानों और युवाओं के लिए भी होगा खास
किसानों और युवाओं के लिए परिसर में एक तकनीकी मार्गदर्शन और परामर्श केंद्र भी बनाया जाएगा. जहां देश के प्रतिष्ठित कृषि वैज्ञानिक और बागवानी विशेषज्ञ आम के पौधों की देखभाल, रोग प्रबंधन और व्यावसायिक बागवानी से जुड़े गुर सिखायेंगे. बच्चों के लिए मैंगो क्विज और पेंटिंग प्रतियोगिता भी रखी गई है. एसोसिएशन ने अपील की है कि वे परिवार सहित आकर इस अनूठे स्वाद का लुत्फ उठाएं.
Also Read: बिहार में 15 से 21 जून तक चलेगा विशेष अभियान, भूमिहीन परिवारों को होगा फायदा
