Patna Crime News (पटना) : ओडिशा से गांजा खरीदकर भोजपुर के कोईलवर ले जाई जा रही 134 किलो गांजे की खेप को पटना पुलिस ने नौबतपुर थाना क्षेत्र में पकड़ लिया. बरामद गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये बतायी जा रही है. पुलिस ने मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से गांजा लदा ट्रक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फॉरच्यूनर गाड़ी भी जब्त की गयी है.
एक-एक किलो का बनाया पैकेट, भोजपुर पहुंचाना था गांजा
बरामद गांजा एक-एक किलो के पैकेट में रखा हुआ था. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि गांजा ओडिशा से खरीदकर लाया गया था और इसे भोजपुर के कोईलवर इलाके में पहुंचाना था. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
चेकिंग देखकर ट्रक ने लिया यू-टर्न
शुक्रवार को नौबतपुर थाना पुलिस की गश्ती टीम बिहटा-सरमेरा रिंग रोड (एनएच-131) पर चकचेचौल गांव के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान झारखंड नंबर का एक ट्रक पुलिस को देखकर अचानक धीमा हुआ और यू-टर्न लेकर भागने लगा.
पुलिस को शक हुआ तो टीम ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया. कुछ दूर पीछा करने के बाद ट्रक को रोक लिया गया. पुलिस ने चालक और ट्रक में सवार एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली. तलाशी के दौरान ट्रक से गांजे के पैकेट बरामद हुए.
आगे फॉरच्यूनर से चल रहे थे दो तस्कर
पूछताछ के दौरान ट्रक में सवार दोनों लोगों ने पुलिस को बताया कि उनके ट्रक के आगे एक फॉरच्यूनर गाड़ी चल रही है, जिसमें दो अन्य लोग सवार हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने फॉरच्यूनर का पीछा किया और उसे भी रोक लिया. फॉरच्यूनर में सवार दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. इस तरह पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में चार आरोपियों को पकड़ लिया.
चारों आरोपी भोजपुर के रहने वाले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के सरना निवासी भगवान चौधरी, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरिदिया निवासी चंद्रदेव पांडेय, कोईलवर निवासी सन्नी कुमार सिंह उर्फ आकाश कुमार और बिहिया थाना क्षेत्र के मकदुमपुर निवासी निर्भय कुमार सिंह के रूप में हुई है.
तस्करी नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में तस्करी से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं. पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और गांजा सप्लाई करने तथा इसे भोजपुर तक पहुंचाने वाले अन्य लोगों की पहचान की जा रही है.
