Patna Teacher Protest: पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर शिक्षक बहाली (TRE 4.0) में रिक्तियां बढ़ाने, परीक्षा को सिंगल शिफ्ट में आयोजित करने व नेगेटिव मार्किंग हटाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार जारी है. इसी बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बयान के बाद आंदोलन में नई हलचल देखने को मिल रही है.
उपेंद्र कुशवाहा ने छात्रों के हित में बयान देते हुए कहा कि सरकार को आंदोलनकारी छात्रों से सीधे बातचीत करनी चाहिए. इस बयान का स्वागत करते हुए छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि इतने बड़े नेता का समर्थन मिलने से सरकार से उम्मीद जगी है और ऐसा लग रहा है कि हमारा आंदोलन सही दिशा में आगे बढ़ रहा है.
जदयू नेताओं से समर्थन की अपील
दिलीप कुमार ने सत्ताधारी दल जनता दल (यूनाइटेड) के शीर्ष नेतृत्व से भी समर्थन मांगा है. उन्होंने संजय झा, ललन सिंह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार से आग्रह किया कि वे भी धरना स्थल पर आएं और छात्रों के जायज आंदोलन को अपना समर्थन दें. इसके साथ ही उन्होंने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और एकजुटता बनाए रखें.
छात्रों में बंटी राय, 25 को बड़े प्रदर्शन की तैयारी.
कुशवाहा के बयान के बाद धरना स्थल पर मौजूद छात्रों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली. कुछ छात्रों का कहना था कि सरकार से बातचीत की उम्मीद बंधी है, जबकि कई अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बीते 18 सालों से केवल आश्वासन ही मिल रहा है और अब सरकार से भरोसा उठ चुका है.
इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का भी आंदोलन को समर्थन मिल चुका है. छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो 25 तारीख को सभी अभ्यर्थी जोरदार विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क पर उतरेंगे. हालांकि इसपर एक राय नहीं है.
पहले बिहार भर में फैले, फिर पटना में निकलेंगे
छात्र नेता दिलीप ने कहा है कि छात्र-युवाओं के हित में 25 अगस्त के प्रदर्शन को उनका नैतिक समर्थन है. लेकिन उन्होंने सरकार को दो दिन का समय दिया है. अगर दो दिन में मांगें नहीं मानी गई तब वे बिहार बंद का ऐलान कर सकते हैं.
उनका कहना है कि पहले बिहार के अन्य जिलों में प्रदर्शन फैले, फिर वो पटना में सड़क पर उतरेंगे. उन्हें अंदेशा है कि अगर वो अभी सड़क पर उतरे तो सरकार उन्हें पकड़कर जेल भेज देगी और आंदोलन खत्म हो जाएगा.
