Bihar Train News: अगर आप अक्सर हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस से सफर करते हैं, तो अगली यात्रा पहले से ज्यादा आरामदायक हो सकती है. भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बजट में बेहतर सुविधा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. अब इस ट्रेन में एक सामान्य अनारक्षित कोच की जगह एसी 3-टियर इकोनॉमी कोच लगाया जाएगा.
कब से मिलेगी ये नई सुविधा?
नई व्यवस्था 21 जुलाई 2026 से (ट्रेन संख्या- 13029) हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस और 22 जुलाई 2026 से (ट्रेन संख्या- 13030) मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस में लागू होगी. खास बात यह है कि ट्रेन के कुल कोचों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा, केवल एक अनारक्षित कोच को आधुनिक इकोनॉमी AC कोच से बदला जाएगा.
कम किराए में कर सकेंगे AC में सफर
यह कोच उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आया है, जो कम किराए में एसी में सफर करना चाहते हैं. इसमें सामान्य AC 3-टियर जैसी सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन अपेक्षाकृत कम किराए पर. यानी अब आरामदायक यात्रा बजट में भी पूरा हो सकेगा. खासकर भीषण गर्मी और उमस के दिनों में ठंडे एसी सफर का पूरा आनंद ले सकेंगे.
पहले 6 महीने के लिए मिलेगी सुविधा
रेलवे ने फिलहाल इस व्यवस्था को 6 महीने के प्रायोगिक आधार पर लागू किया है, जो जनवरी 2027 तक जारी रहेगी. त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह बदलाव बड़ी राहत साबित हो सकती है. स्थानीय रेल उपयोगकर्ता संघों ने भी रेलवे के इस फैसले का स्वागत किया है.
मुख्य पीआरओ ने दी जानकारी
रेलवे प्रशासन का यह फैसला बेहद खास माना जा रहा है. रेलवे के इस फैसले से हर रोज यात्रा करने वालों के साथ-साथ मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिल सकेगा. वे अब कम खर्च में ही वीआईपी सफर का मजा ले सकेंगे. इसे लेकर आसनसोल रेल मंडल के मुख्य पीआरओ ने आधिकारिक तौर पर जानकारी दी.
Also Read: बिहार के इन 4 शहरों में बनेगा मॉडर्न फूड हब, जानिए कब से शुरू होगा मेगा प्रोजेक्ट पर काम
