पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna News : मोकामा में शराब बरामदगी और एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के मामले में कार्रवाई करने वाले चिंतामणिचक टीओपी प्रभारी पुअनि राजेश कुमार को पटना पुलिस ने निलंबित कर दिया है. उन पर कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता, मनमानेपन और संदिग्ध आचरण के आरोप लगे हैं. पुलिस ने उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का भी आदेश दिया है.
परिजनों ने लगाया षड्यंत्रपूर्वक फंसाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, सात अगस्त को टीओपी प्रभारी राजेश कुमार ने शराब बरामदगी और रंजन कुमार की गिरफ्तारी के संबंध में मोकामा थाना कांड संख्या 414/26 दर्ज कराया था. गिरफ्तारी के बाद रंजन कुमार के परिजनों ने पुलिस के समक्ष मौखिक शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसे षड्यंत्रपूर्वक शराब के मामले में फंसाया गया है.
जांच में प्रथमदृष्टया आरोप सही मिले
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोकामा थानाध्यक्ष ने पूरे प्रकरण की जांच की. जांच के दौरान प्रथमदृष्टया परिजनों के आरोप सही पाए गए. जांच में टीओपी प्रभारी की कार्रवाई को कर्तव्य के प्रति लापरवाही और संदिग्ध आचरण का मामला माना गया. इससे पुलिस की छवि धूमिल होने की बात भी सामने आई.
निलंबन के साथ विभागीय जांच का आदेश
ग्रामीण एसपी पटना कुंदन कुमार ने बताया कि मामले में राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आदेश दिया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के आचरण और कर्तव्य निर्वहन में अनुशासन एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है. पुलिस की गरिमा और आमजन के विश्वास को प्रभावित करने वाले किसी भी आचरण पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
