Patna Cyber Crime : राजधानी पटना के दानापुर इलाके में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शातिर ठग ने खुद को अमेरिका में रहने वाला बेटा बताकर 75 वर्षीय महिला को अपने झांसे में ले लिया और उनकी जीवनभर की जमा पूंजी हड़प ली. दानापुर सिविल कोर्ट दक्षिण स्थित यदुबंसी नगर की रहने वाली कंचन देवी इस ठगी की शिकार हुई हैं. ठग ने बेहद चालाकी से पहले भरोसा जीता और फिर भावनात्मक कहानी सुनाकर करीब 6 लाख रुपये ऐंठ लिए. मामले को लेकर पीड़िता ने पटना साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
बेटा बनने की बात कहकर शुरू किया खेल
पीड़िता कंचन देवी ने बताया कि करीब 10 दिन पहले उन्हें एक फोन कॉल आया. कॉल करने वाले ने अपना नाम राहुल बताया और कहा कि वह अमेरिका में बड़ा कारोबारी है. बातचीत के दौरान उसने खुद को अनाथ बताया और कंचन देवी से उन्हें अपना बेटा मानने की गुजारिश की.
अकेलेपन का फायदा उठाते हुए उसने धीरे धीरे महिला का विश्वास जीत लिया. इसके बाद दोनों के बीच रोज बातचीत होने लगी. ठग लगातार भावनात्मक बातें करता रहा, जिससे महिला पूरी तरह उसके भरोसे में आ गईं.
मुंबई एयरपोर्ट का झांसा, वीडियो कॉल से किया भरोसा पक्का
कुछ दिनों बाद ठग ने बताया कि वह भारत आ रहा है और उनसे मिलने पटना आएगा. इसी दौरान उसने एक दिन वीडियो कॉल किया और कहा कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर फंस गया है. वीडियो कॉल में उसने एक व्यक्ति को पुलिस की वर्दी में भी दिखाया, जिससे पूरी कहानी सच लगने लगी.
ठग ने कहा कि उसे छोड़ने के लिए पैसे देने होंगे. महिला ने उसकी बातों पर भरोसा कर पहले 25 हजार रुपये भेजे. इसके बाद डेढ़ लाख रुपये और फिर ढाई लाख रुपये अलग अलग किस्तों में उसके बताए खातों में जमा करा दिए.
तीन दिनों तक बैंक और सीएसपी के चक्कर लगाती रहीं वृद्धा
हैरानी की बात यह है कि 75 साल की उम्र में भी कंचन देवी लगातार तीन दिनों तक बैंक और सीएसपी सेंटर जाकर पैसे ट्रांसफर करती रहीं. उन्हें यह बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वे एक बड़े साइबर ठगी के जाल में फंस चुकी हैं.
जब ठग ने एक बार फिर पैसे की मांग की, तब उन्हें शक हुआ. पैसे देने में असमर्थता जताने के बाद धीरे धीरे उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है.
पुलिस में दर्ज कराया मामला
घटना का पता चलने के बाद पीड़िता ने पटना साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और ठगों के बैंक खातों और कॉल डिटेल के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
सावधानी ही बचाव का रास्ता
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि साइबर ठग अब भावनात्मक तरीकों का सहारा लेकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. खासकर बुजुर्गों को ऐसे मामलों में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है.
पटना में हुई यह घटना बेहद चिंता जनक है. एक तरफ जहां ठग नई नई चालें चल रहे हैं, वहीं आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है. किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच जरूरी है, वरना जिंदगी भर की कमाई एक पल में चली जा सकती है.
