Patna Crime News : पटना गांधी मैदान स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में रविवार को आयोजित उच्चस्तरीय सरकारी कार्यक्रम के दौरान पॉकेटमारी कर रहे तीन बदमाशों को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया. सूचना मिलने पर पहुंची गांधी मैदान पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपितों के पास से चोरी के सात हजार रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
भीड़ का फायदा उठाकर कर रहे थे पॉकेटमारी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फुलवारीशरीफ के लक्ष्मणपुर टोला निवासी राजा कुमार, संतोष कुमार और चंदू राम के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में काफी भीड़ थी. इसी का फायदा उठाकर तीनों आरोपित पॉकेटमारी कर रहे थे.
बताया गया कि तीनों ने कार्यक्रम में पहुंचे एक व्यक्ति का पर्स और मोबाइल फोन चोरी कर लिया. वारदात के दौरान कुछ लोगों की नजर उन पर पड़ गयी. इसके बाद लोगों ने तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया और गांधी मैदान पुलिस के हवाले कर दिया.
तलाशी में बरामद हुए रुपये और मोबाइल
पुलिस ने आरोपितों की तलाशी ली, तो उनके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन और सात हजार रुपये बरामद हुए. इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया.
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
गांधी मैदान थानेदार ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों किसी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं. इसके साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
