Patna Commercial Complex: पटना के आर्य कुमार रोड, खेतान मार्केट और एएन कॉलेज पानी टंकी के आसपास की तस्वीर बदलने वाली है. यहां भीड़, पार्किंग की परेशानी और बेतरतीब दुकानों को व्यवस्थित किया जाएगा. पटना नगर निगम ने शहर के तीन प्रमुख जगहों पर आधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना तैयार की है. खास बात यह है कि इस बड़े प्रोजेक्ट में विश्व बैंक से आर्थिक मदद मिलने वाली है.
तीनों कॉम्प्लेक्स को लेकर मिली मंजूरी
पूरी परियोजना पर लगभग 530 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. नगर निगम की स्थायी समिति से तीनों कॉम्प्लेक्स को मंजूरी भी मिल चुकी है. गुरुवार को विश्व बैंक के प्रतिनिधियों ने एएन कॉलेज पानी टंकी के पास प्रस्तावित जगह का निरीक्षण किया और नगर आयुक्त यशपाल मीणा के साथ बैठक की.
सबसे बड़ा कॉम्प्लेक्स एएन कॉलेज के पास
करीब तीन एकड़ अतिक्रमणमुक्त जमीन पर बनने वाला एएन कॉलेज कॉम्प्लेक्स इस परियोजना का सबसे बड़ा हिस्सा होगा. इसकी अनुमानित लागत लगभग 300 करोड़ रुपये है. छात्र और युवाओं की बड़ी आबादी को देखते हुए यहां बड़े ब्रांड्स के रिटेल आउटलेट, फूड कोर्ट, मनोरंजन जोन और बड़ी बेसमेंट पार्किंग विकसित करने की योजना है. आने वाले समय में खरीदारी, खाने-पीने और मनोरंजन के लिए लोगों को एक ही जगह कई सुविधाएं मिल सकती हैं.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आर्य कुमार रोड पर व्यापार को मिलेगा नया ठिकाना
आर्य कुमार रोड में लगभग 133 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स प्रस्तावित है. यहां व्यवस्थित दुकानें और शॉपिंग आर्केड बनाए जाएंगे. इससे स्थानीय व्यापारियों को बेहतर और सुविधाजनक व्यावसायिक जगह मिलने की उम्मीद है.
खेतान मार्केट में भीड़ और पार्किंग से राहत की उम्मीद
खेतान मार्केट के पास बनने वाले कॉम्प्लेक्स पर लगभग 97 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. कपड़ों के बड़े थोक और खुदरा बाजार वाले इस इलाके में रोजाना भारी भीड़ रहती है. नया कॉम्प्लेक्स बनने से कारोबार को व्यवस्थित करने के साथ पार्किंग की समस्या कम करने की कोशिश होगी.
तीनों कॉम्प्लेक्स में बेसमेंट पार्किंग, लिफ्ट-एस्केलेटर, 24 घंटे पावर बैकअप, सेंट्रलाइज्ड एचवीएसी और आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि ये तीनों परियोजनाएं पटना के पुराने बाजारों को आधुनिक व्यावसायिक केंद्रों में बदलने की दिशा में जरूरी कदम साबित हो सकती हैं.
