Patna News : मसौढ़ी पटना-गया रेलखंड पर पुनपुन घाट के पास रविवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी. घटना पोल संख्या 12/21 के पास हुई. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह भिखारी की तरह आसपास घूमता रहता था.
मौके पर पहुंची जीआरपी
घटना की सूचना मिलने के बाद तारेगना जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई है. आशंका जतायी जा रही है कि रेलवे ट्रैक के आसपास टहलने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया.
एक सप्ताह में तीसरी घटना
पटना-गया रेलखंड पर तारेगना से पुनपुन घाट के बीच एक सप्ताह में ट्रेन की चपेट में आने से मौत की यह तीसरी घटना है. लगातार हो रही घटनाओं से रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों में चिंता व्याप्त है.
