– अगली बार मॉक ड्रिल में बिहार के गांवों में भी कटेगी बिजली, मानदेय अब साढ़े सात सौ रुपया प्रति माह
– भारत – पाक तनाव के बीच आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बैठक कर निबटने की तैयारियों की समीक्षा की
संवाददाता, पटना भारत – पाक तनाव के बीच आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बैठक कर विभाग की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मॉक ड्रिल अब गांव तक कराया जायेगा, ताकि बिहार का हर व्यक्ति आपातकालीन स्थिति यानी इमरजेंसी सायरन , ब्लैक आउट होने पर कैसे खुद को सुरक्षित रखे,इसकी जानकारी रहेगी. हाल में ब्लैक आउट को लेकर मॉक ड्रिल में सभी लोगों ने जिला प्रशासन का सहयोग किया था.अगली बार और बेहतर ढंग से इसे किया जायेगा. उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ायी जायेगी. वर्तमान में दो हजार सिविल डिफेंस स्वयंसेवक और आपदा मित्र की संख्या नौ हजार है. अब सिविल डिफेंस स्वयंसेवक में एनसीसी, एनएसए, स्काउट -गाइड, आपदा मित्र को भी जोड़ा जायेगा. साथ ही, 18 साल से ऊपर के आमलोग भी स्वेच्छा अनुसार इसमें जुड़ सकते हैं. सिविल डिफेंस वालंटियर का मानदेय बढाकर चार सौ से बढाकर 750 रुपया प्रतिमाह किया जायेगा. इसकी तैयारी शुरू हो गयी है. इनकी अब संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल-कालेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा.
केंद्र सरकार के गाइडलाइन के निर्देश पर मेडिकल इमरजेंसी की हो रही तैयारी
प्रत्यय अमृत ने कहा कि केंद्र सरकार के गाइडलाइन और निर्देश पर स्वास्थ्य की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी है. इसमें सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक और प्राचार्य वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे. उन सभी से मेडिकल इमेरजेंसी, ऑक्सीजन, बेड की उपलब्धता, स्ट्रेचर, मानव संसाधन पर चर्चा की गयी. उन्होंने कहा कि आपात स्थिति के लिए बेड सहित अन्य इलाज सुविधाएं को सुरक्षित रखने का आदेश दिया गया है. साथ हीं, मेडिकल इमरजेंसी के दौरान लोगों को इलाज के लिए अस्पतालों तक कैसे पहुंचाया जा सकें, इसके लिए भी काम हो पायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.