Bihar Monsoon Session: बिहार विधानमंडल का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है. लेकिन पहले ही दिन सदन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई. तेजस्वी की इस गैर-मौजूदगी को लेकर सत्ता पक्ष के विधायकों ने उन पर सवाल खड़े किए हैं.
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तेजस्वी यादव के काम करने के तरीके पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने तेजस्वी को पार्ट टाइम पॉलिटिशियन करार दिया. सरावगी ने कहा कि वे बिहार और यहां की जनता को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं. वे सिर्फ बिहार आते हैं, भाषण देते हैं और फिर गायब हो जाते हैं. जनता भी अब उन्हें नकार चुकी है.
जेडीयू बोली- जनता सब देख रही है
जेडीयू विधान पार्षद खालिद अनवर ने भी तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता का सत्र से गायब रहना कई सवाल खड़े करता है. विपक्ष को जनता की समस्याओं से ज्यादा इस बात की फिक्र है कि उनके परिवार का जन्मदिन कैसे मनाया जाए. उन्होंने कहा कि अगर कोई सोचता है कि बिहार से बाहर रहकर राज्य की राजनीति को संभाल लेगा, तो वह गलत है क्योंकि जनता सब देख रही है.
परिवार के जन्मदिन मनाने में व्यस्त है विपक्ष: संजय सिंह
मंत्री संजय सिंह ने भी तेजस्वी यादव पर निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण मानसून सत्र में नेता प्रतिपक्ष का गायब रहना यह साफ करता है कि वे विपक्ष की भूमिका को लेकर गंभीर नहीं हैं. उनका पूरा ध्यान बस इस बात पर रहता है कि परिवार का जन्मदिन किस तरह मनाया जाए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
आरजेडी का बचाव: हम सब तेजस्वी के ही रूप हैं
तेजस्वी यादव की गैर-मौजूदगी पर जब आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने अपने नेता का बचाव किया. उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव सदन में नहीं हैं, तो क्या हुआ, हम सब यहां मौजूद हैं. आरजेडी का हर एक कार्यकर्ता तेजस्वी यादव का ही रूप है.
तेजस्वी यादव पिछले कई दिनों से विदेश यात्रा पर हैं. वे इस समय यूरोप टूर पर गए हुए हैं. मानसून सत्र जैसे बड़े मौके पर उनके विदेश में होने की वजह से ही सत्ता पक्ष को उन पर हमला करने का बड़ा मौका मिल गया है.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
