Traffic Jam : पटना में तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को लेकर बुधवार सुबह से ही शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया. राजद के मार्च के मद्देनजर यातायात पुलिस की ओर से कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया. इसका असर अब आम लोगों की आवाजाही पर भी साफ दिखाई दे रहा है. इनकम टैक्स चौराहे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ रहा है.
बुधवार सुबह से रूट बदलने से बड़ी संख्या में वाहन वैकल्पिक रास्तों पर पहुंच गए. एक ही समय में इन मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई जगह ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई. इनकम टैक्स चौराहे से गुजरने वाले लोगों को लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है. कई वाहन चालक जाम से निकलने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेते दिखे.
रूट डायवर्जन और राजद कार्यकर्ताओं की भीड़ से बढ़ी परेशानी
लोकभवन मार्च को लेकर राजद कार्यकर्ता सुबह से ही सक्रिय हैं. हाथों में तिरंगा और पार्टी के झंडे लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर जुटने लगे हैं. ऐसे में एक तरफ पहले से लागू ट्रैफिक डायवर्जन के कारण वाहनों को अपना रास्ता बदलना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ मार्च में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की बढ़ती भीड़ से भी कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हो रहा है.
आम तौर पर सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग अपने ऑफिस और कामकाज के लिए घर से निकलते हैं. इसी दौरान प्रमुख सड़कों पर रूट बदलने और वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. कई मार्गों पर वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं और लोगों को जाम से निकलने में अतिरिक्त समय लग रहा है.
पटना जंक्शन से डाकबंगला जाने वाले वाहनों पर रोक
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत पटना जंक्शन की ओर से डाकबंगला चौराहा जाने वाले वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. इन वाहनों को दूसरे मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
इनकम टैक्स चौराहा से मंदिरी नाला की ओर जाने वाले मार्ग पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. इसके कारण इस इलाके में आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है.
गांधी मैदान के आसपास ऑटो और ई-रिक्शा पर रोक
गांधी मैदान के चारों तरफ व्यावसायिक वाहनों, खासकर ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. दानापुर से राजापुर पुल की ओर आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को पुलिस लाइन तिराहा से वापस दानापुर की ओर मोड़ दिया जाएगा.
वहीं गायघाट की ओर से आने वाले ऑटो को कारगिल चौक से डबल डेकर के पश्चिमी छोर की तरफ से वापस लौटाया जाएगा. इससे इन मार्गों पर भी वैकल्पिक रूट से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है.
इन मार्गों पर भी ऑटो-ई-रिक्शा का परिचालन बंद
ट्रैफिक प्लान के तहत एग्जीबिशन रोड में भट्टाचार्य चौराहा से उत्तर की ओर, बुद्धमार्ग और छज्जूबाग के टीएन बनर्जी पथ, पुलिस लाइन से बैंक रोड तथा बुद्ध मार्ग पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली टी तक ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा.
यातायात पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि मार्च के दौरान इन रास्तों पर जाने से बचें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें.
DM-SP ने लिया व्यवस्था का जायजा
इनकम टैक्स चौराहे पर पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने पटना सदर एसडीएम कृतिका मिश्रा को मौके पर दिशा-निर्देश दिए. डीएम और एसएसपी शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं.
सुबह 9 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगा प्लान
यातायात पुलिस के अनुसार नया ट्रैफिक प्लान सुबह 9 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगा. शहर में भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के साथ नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है.
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.
करीब 1000 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात
तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को लेकर पटना में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से सचिवालय तक करीब 1000 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है.
इसके अलावा जगह-जगह वाटर कैनन और टियर गैस टीम को भी तैनात किया गया है. सभी थानों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है. नेहरू पथ, हार्डिंग रोड, बोरिंग कैनाल रोड समेत शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है.
Also Read : VIDEO : गर्दनीबाग धरना स्थल से आधी रात को TRE-4 अभ्यर्थियों के साथ छात्र नेता ने किया ऐलान, 19 अगस्त को...
