Tejashwi Yadav Rajbhawan March: पटना में RJD के राजभवन मार्च को लेकर जेपी गोलंबर के आसपास समर्थकों की भीड़ जुटने लगी है. हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मार्च में शामिल होने पहुंचे हैं. इसी बीच पटना सदर एसडीएम कृतिका ने प्रदर्शनकारियों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर खास अपील की है.
एसडीएम ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि उनके हाथों में देश की आन-बान-शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा है. इसलिए मार्च के दौरान तिरंगे की गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाए.
‘आपके हाथों में देश की आन-बान-शान है’
राजद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एसडीएम कृतिका ने कहा कि आपके हाथों में राष्ट्रीय ध्वज है. इसका सम्मान करना हर किसी की जिम्मेदारी है. उन्होंने खास तौर पर कार्यकर्ताओं से तिरंगे को सीधा पकड़ने की अपील की. एसडीएम ने कहा कि कई लोग तिरंगे को उल्टा पकड़े हुए हैं. उन्होंने इसे ठीक करने को कहा.
‘तिरंगे को जमीन या कीचड़ में न छूने दें’
एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान के साथ ऊपर उठाकर रखें. किसी भी स्थिति में तिरंगे को जमीन, पानी या कीचड़ में नहीं छूने दें. उन्होंने कहा कि मार्च के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि तिरंगा नीचे न गिरे.
मार्च खत्म होने के बाद भी रखना होगा ध्यान
एसडीएम ने सिर्फ मार्च के दौरान ही नहीं, बल्कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी तिरंगे के सम्मान की अपील की. उन्होंने कहा कि रैली समाप्त होने के बाद सभी राष्ट्रीय ध्वजों को सम्मानपूर्वक एक जगह एकत्रित किया जाएगा. कार्यकर्ताओं से भी इसमें सहयोग करने को कहा गया.
तिरंगे पर राजनीतिक चिन्ह लगाने से भी रोका
एसडीएम कृतिका ने राजद कार्यकर्ताओं को एक और बात को लेकर सावधान किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के ऊपर राजनीतिक चिन्ह चिपकाना दंडनीय अपराध है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि तिरंगे की गरिमा और नियमों का हर हाल में पालन करें.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
छात्रों के मुद्दे पर तेजस्वी का राजभवन मार्च
दरअसल, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव छात्रों से जुड़े मुद्दों और सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर AK-47 चलाने के आरोप को लेकर राजभवन मार्च कर रहे हैं. मार्च की शुरुआत जेपी गोलंबर से होनी है.
तेजस्वी यादव ने RJD नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ छात्र संगठनों से भी मार्च में शामिल होने की अपील की थी.
हालांकि, छात्र नेता दिलीप ने मार्च में शामिल होने से इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि छात्र कोई राजनीतिक पार्टी नहीं हैं और उनका आंदोलन अपने मुद्दों को लेकर है.
तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे RJD कार्यकर्ता
राजभवन मार्च से पहले पटना की सड़कों पर RJD कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ती जा रही है. कई कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे हैं. इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे छात्रों के मुद्दे के लिए ‘AK-47 की गोली भी खाने’ को तैयार हैं.
