Tejashwi Yadav: राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना के बापू सभागार में कहा कि होली के बाद पूरे बिहार में घूमेंगे और लोगों से मिलेंगे. बिहार में संगठन को मजबूत करेंगे. देशभर में भी पार्टी को संगठित करेंगे. उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्ष वोटों के बिखराव के कारण दूसरे राज्यों में हम चुनाव नहीं लड़ते थे.
उन्होंने कहा कि पहली बार मुझे संगठन में जिम्मेवारी मिली है. अब राजद को फिर से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने के लिए मेहनत करेंगे. ये बातें उन्होंने राजद की ओर से जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही.
हम कमजोर नहीं, हमारा समय कमजोर
तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी लोग मिलकर एक रहिये. ईंट का जवाब पत्थर से दिया जायेगा. हम कमजोर नहीं हैं. हमारा समय कमजोर है. हमारा दौर आयेगा. एक-एक का हिसाब किया जायेगा. बिहार में अपराध बढ़ा है. बच्चियों से बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं.
राजद से जदयू और भाजपा को खौफ है. ये अकेले राजद से कभी नहीं लड़ सकते. तेजस्वी ने कहा कि ये सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी. बिहार विधानसभा चुनाव में लोक हारा है और तंत्र जीत गया है. कहा कि चुनाव के दिन भी दस-दस हजार रुपये बांटे गये हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कर्पूरी ठाकुर के अरमानों को गांव-गांव पहुंचाना है
तेजस्वी यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के अरमानों को गांव-गांव तक पहुंचाना है. कर्पूरी ठाकुर की सांस मेरे पिता लालू प्रसाद की गोद में टूटी. हम सभी जननायक के अनुयायी हैं. कहा कि आरक्षण को खत्म करने की साजिश हो रही है. तानाशाही चरम पर है. इस दौर में रास्ता बहुत मुश्किल है. दो बार नीतीश कुमार के साथ मिलकर सरकार बनायी. दोनों बार हमें धोखा मिला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुतिन बनना चाहते हैं, जबकि भारत आंबेडकर, कर्पूरी, लोहिया और लालू प्रसाद का देश है.
इसे भी पढ़ें: सिलिगुड़ी-गोरखपुर सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे पर आया अपडेट, मधुबनी के 3 दर्जन गांवों से गुजरेगी सड़क
