Tej Pratap Yadav: पटना में छात्रों और युवाओं की मांगों को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बुधवार को लोकभवन मार्च निकाला गया. इस दौरान जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के मार्च का खुलकर समर्थन किया. उन्होंने सीवान में छात्रों पर हुई फायरिंग और उनके घायल होने की घटना को बेहद चिंताजनक बताया. तेज प्रताप ने कहा कि छात्रों और नौजवानों के हक की लड़ाई लगातार जारी रहेगी.
तेज प्रताप बोले, छात्रों के हक की लड़ाई जारी रहेगी
तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर सीवान की घटना पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि पेपर लीक सहित छात्रों और नौजवानों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी है. तेज प्रताप ने अपने पुराने छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर हुए छात्र आंदोलन में उन्होंने भी भाग लिया था और तीन दिन जेल में रहे थे.
तेजस्वी के लोकभवन मार्च का किया समर्थन
तेज प्रताप यादव ने कहा कि अगर राजद नेता तेजस्वी यादव छात्रों और युवाओं की मांगों को लेकर मार्च निकाल रहे हैं, तो जनशक्ति जनता दल की ओर से वह इस मार्च और युवाओं के हित में उठाई जा रही आवाज का समर्थन करते हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों और नौजवानों के अधिकारों के लिए उनकी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी.
छात्रों की मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी लड़ाई
तेज प्रताप ने अपने बयान में कहा कि जनशक्ति जनता दल छात्रों और नौजवानों के अधिकारों के लिए निरंतर आवाज उठाता रहेगा. जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक उनकी लड़ाई और आवाज जारी रहेगी. उन्होंने छात्रों के हक और युवाओं की आवाज को अपनी राजनीतिक लड़ाई से जोड़ते हुए जय हिंद और जय बिहार का नारा भी दिया.
सीवान फायरिंग की घटना के बाद गरमाई बिहार की राजनीति
सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान हुई फायरिंग के बाद बिहार की राजनीति में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सियासत तेज हो गई है. पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी. इस दौरान कई लोग घायल हुए थे. घटना में एक पुलिसकर्मी के एके-47 से फायरिंग करने का वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद संबंधित जवान पर कार्रवाई की गई थी.
छात्र आंदोलन के मुद्दे पर तेजस्वी ने निकाला मार्च
सीवान की घटना और छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लोकभवन मार्च निकाला गया. मार्च के जरिए छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के सामने अपनी मांगें रखने की कोशिश की गई। इस दौरान पेपर लीक, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे भी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रहे.
तेज प्रताप के छात्र आंदोलन से जुड़ा है पुराना कनेक्शन
तेज प्रताप यादव का छात्र आंदोलनों से जुड़ाव नया नहीं है. इससे पहले भी पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान वह आंदोलन में शामिल हुए थे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था.तेज प्रताप ने इसी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों के हक की लड़ाई में वह खुद भी जेल जा चुके हैं.
इसे भी पढ़ें:गोपालगंज में शादी का झांसा देकर 2 साल तक शारीरिक संबंध, अब मुकरा शिक्षक; पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज
