Summer Special Trains: भारतीय रेलवे ने बिहार के यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए 4 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों को चलाने का ऐलान किया है. ये ट्रेनें न केवल पटना बल्कि बक्सर, आरा, गया, सुपौल और भागलपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों को दिल्ली, गुजरात और ओडिशा से जोड़ेंगी.
वेटिंग लिस्ट की लंबी कतारों के बीच यह फैसला उन प्रवासियों और यात्रियों के लिए वरदान साबित होगा, जो अप्रैल और मई के महीने में घर आने या बाहर जाने की योजना बना रहे हैं.
गांधीधाम से मालदा तक-लंबे रूट के यात्रियों को राहत
गुजरात से बिहार और बंगाल की ओर आने वालों के लिए गांधीधाम-मालदा टाउन स्पेशल (09463/09464) एक ट्रेन 19 अप्रैल को गांधीधाम से खुलेगी और अगले दिन रात 10:15 बजे बक्सर व 11:45 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी.
इसके बाद यह जमालपुर और भागलपुर होते हुए मालदा जाएगी. वापसी में यह ट्रेन मालदा टाउन से शाम 5:35 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 4:05 बजे पटना पहुंचेगी. 20 कोच वाली इस ट्रेन में स्लीपर के 13 और एसी के 3 कोच लगाए गए हैं, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों को सफर में काफी सहूलियत होगी.
सुपौल से नई दिल्ली-डेली कनेक्शन से बड़ी सुविधा
रेलवे ने सीमांचल और कोसी क्षेत्र के यात्रियों का विशेष ख्याल रखते हुए सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल (04071/04072) चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन 19 अप्रैल से 17 मई तक रोजाना चलेगी (मई के कुछ अंतिम दिनों को छोड़कर). नई दिल्ली से यह रात 9:35 बजे रवाना होगी, वहीं सुपौल से सुबह 7:45 बजे प्रस्थान करेगी.
रास्ते में यह खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, हाजीपुर और छपरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे उत्तर बिहार के एक बड़े हिस्से को राजधानी दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी.
आनंद विहार से खुर्दा रोड-लंबी दूरी के यात्रियों के लिए खास ट्रेन
दक्षिण बिहार के यात्रियों के लिए आनंद विहार-खुर्दा रोड स्पेशल (04066/04065) किसी तोहफे से कम नहीं है. यह ट्रेन 19 अप्रैल को आनंद विहार से रात 12:30 बजे चलेगी और शाम 4:40 बजे भभुआ रोड, 5:13 बजे सासाराम और शाम 7:15 बजे गया जंक्शन पहुंचेगी.
रेलवे के इस कदम से न केवल भीड़ कम होगी, बल्कि यात्रियों को दलालों के चक्कर काटने से भी मुक्ति मिलेगी.
पटना-बक्सर रूट को सबसे ज्यादा फायदा
इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से सबसे ज्यादा राहत पटना और बक्सर रूट के यात्रियों को मिलने वाली है. गर्मी में इस रूट पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है, जिससे कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. नई ट्रेनों के चलने से भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रा ज्यादा सहज हो सकेगा.
Also Read: शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब पर एक और FIR, डॉक्टर और उनकी पत्नी ने लगाया जमीन कब्जाने का आरोप
