पटना का ‘दीवार’ बनेगा भारत की जीत की उम्मीद! बिहार के लाल का जूनियर एशिया कप हॉकी में चयन, जानें कौन हैं सावन

Patna News: जूनियर एशिया कप हॉकी 2026 में पटना के युवा खिलाड़ी सावन कुमार भारत की अंडर-18 टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं.

Success Story: (धर्मनाथ प्रसाद की रिपोर्ट) जूनियर एशिया कप हॉकी 2026 में पटना के युवा खिलाड़ी सावन कुमार भारत की अंडर-18 टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं. 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में गोलकीपर की भूमिका निभाते हुए वह टीम की ‘दीवार’ बनकर उतरेंगे. उनके चयन से बिहार में खुशी की लहर है.

जूनियर एशिया कप में पटना के सावन का बड़ा धमाका

पटना के सावन कुमार का चयन भारत की अंडर-18 हॉकी टीम में हुआ है. यह प्रतियोगिता 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में आयोजित की जा रही है. सावन कुमार को गोलकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया है, जहां उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. इससे पहले भी वह भारत-ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 हॉकी सीरीज में अपनी जगह बना चुके हैं.

‘दीवार’ बनकर गोल बचाएंगे सावन कुमार

कोच और खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सावन कुमार अपनी बेहतरीन गोलकीपिंग से टीम के लिए मजबूत आधार साबित होंगे. उन्हें टीम की “दीवार” कहा जा रहा है, जो विपक्षी टीम के हर हमले को रोकने में सक्षम हैं.

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह सीईओ रवींद्रण शंकरण ने उनके चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का क्षण है और अन्य खिलाड़ियों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी.

आरके रॉय हॉकी एकेडमी से शुरू हुआ सफर

सावन कुमार ने वर्ष 2019 में आरके रॉय हॉकी एकेडमी से हॉकी की शुरुआत की थी. एकेडमी के प्रमुख अजितेश रॉय, जो पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके हैं, ने उनकी प्रतिभा को पहचाना.

कोच शशि कुमार राणा ने बताया कि उनकी लंबाई और फिटनेस को देखते हुए उन्हें गोलकीपर बनाया गया, जिसके बाद उन्होंने लगातार मेहनत और अनुशासन से खुद को निखारा.

पिता एजी ऑफिस में अकाउंटेंट, परिवार में खुशी की लहर

पटना के शेखपुरा निवासी सावन कुमार के पिता संजय कुमार एजी ऑफिस, पटना में अकाउंटेंट हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. तीन भाइयों में सावन सबसे बड़े हैं.

उन्होंने बिहार बोर्ड से मैट्रिक की परीक्षा पास की है और राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं. वर्ष 2024 में उन्हें नेशनल इंटर क्लब हॉकी प्रतियोगिता में बेस्ट गोलकीपर का खिताब भी मिल चुका है.

बिहार के उभरते सितारे से देश को बड़ी उम्मीद

सावन कुमार का चयन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है. उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा ने उन्हें राष्ट्रीय टीम तक पहुंचाया है. अब सभी की नजरें जापान में होने वाले जूनियर एशिया कप में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं.

ALSO READ: रिटायर्ड प्रोफेसर से लेकर दंपती तक साइबर बदमाशों का बड़ा खेल, लाखों रुपये उड़ाए

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: karunatiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >