Patna student protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को युवा क्रांति बिहार के बैनर तले खगौल में छात्रों का आक्रोश मार्च निकाला गया. हजारों की संख्या में शामिल छात्र-छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया.
आक्रोश मार्च डीआरएम चौराहा गाड़ीखाना से शुरू होकर जगत नारायण लाल महाविद्यालय तक निकाला गया. इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई.
बैनर-पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे छात्र
प्रदर्शन में शामिल छात्र और युवा हाथों में बैनर एवं पोस्टर लेकर विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ते रहे. मार्च डीआरएम चौराहा, स्टेशन गोलंबर, आरओबी, नगर परिषद कार्यालय, आनंदपुरी, थाना रोड और मोती चौक होते हुए जगत नारायण लाल महाविद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा. वहां पहुंचकर आक्रोश मार्च सभा में तब्दील हो गया. सभा के दौरान छात्रों ने शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो, छात्रों पर दमन बंद करो तथा अन्य नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया.
राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
सभा के अंत में प्रदर्शनकारी छात्रों ने राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम का समापन किया. छात्र नेताओं ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. मौके पर एसडीपीओ दानापुर अजीत कुमार, एसडीपीओ फुलवारी सुशील कुमार, बीडीओ, सीओ, खगौल थानाध्यक्ष सहित कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौजूद रही. इसके अलावा महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी.
बिना अनुमति निकाला गया जुलूस
एसडीपीओ दानापुर अजीत कुमार ने बताया कि युवा क्रांति बिहार के नाम से जुलूस निकाला गया था, लेकिन इसके लिए पुलिस प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी. बावजूद इसके पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया. उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. सुरक्षा व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने स्थिति को सामान्य कर दिया.
