Patna News : मसौढ़ी में सावन की अंतिम सोमवारी को पुनपुन प्रखंड के चंडासी स्थित प्रसिद्ध अर्द्धनारेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की पुख्ता तैयारी की है. रविवार को मसौढ़ी एसडीओ धनराज कुमार ने कार्यपालक दंडाधिकारी धर्मवीर कुमार और पुलिस पदाधिकारियों के साथ मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया.
10 प्रमुख स्थानों पर होगी तैनाती
श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए 23 और 24 अगस्त को मंदिर परिसर एवं आसपास के 10 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, महिला पुलिसकर्मी और लाठी बल तैनात रहेंगे. इनमें मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार, यज्ञ कुंड, कंट्रोल रूम, पार्किंग स्थल, चंडासी पुल, चंडासी मोड़ और मंदिर के पूरब स्थित बैरिकेडिंग सहित अन्य स्थान शामिल हैं.
प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को दोनों दिन सुबह 5 बजे से पूजा समाप्त होने तक अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर मौजूद रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.
मंदिर और मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी
अंतिम सोमवारी से एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दो दिनों तक विशेष व्यवस्था की गई है. एसडीओ ने पुनपुन बीडीओ, अंचल अधिकारी और गौरीचक थानाध्यक्ष को मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया है.
प्रशासन का फोकस भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित तरीके से पूजा कराने पर है.
अनुमंडल कार्यालय में कंट्रोल रूम सक्रिय
विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए अनुमंडल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा. किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0612-2434246 पर संपर्क किया जा सकता है.
