कैंपस : एसटीइटी का परीक्षा कार्यक्रम हुआ जारी

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीइटी), 2024 (प्रथम) का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है.

-पेपर वन की परीक्षा 18 से 29 मई तक और पेपर -टू की परीक्षा 11 से 20 जून तक होगी

-पेपर वन के अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड

संवाददाता, पटना

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीइटी), 2024 (प्रथम) का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि एसटीइटी, 2024 (प्रथम) के पेपर-वन के विभिन्न विषयों की परीक्षा 18 से 29 मई तक और पेपर -टू के विभिन्न विषयों की परीक्षा 11 से 20 जून तक दो पालियों में निर्धारित परीक्षा केंद्र पर कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के माध्यम से आयोजित की जायेगी. परीक्षा समिति द्वारा पेपर-वन के विभिन्न विषयों की परीक्षा में शामिल होने के लिए तीन लाख, 59 हजार, 489 और पेपर-टू के विभिन्न विषयों की परीक्षा में शामिल होने के लिए दो लाख, 37 हजार, 442 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है. एसटीइटी, 2024 (प्रथम) के पेपर-वन एवं पेपर-टू के विषयों में शामिल होने के लिए कुल पांच लाख, 96 हजार, 931 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है. पेपर-वन की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र वेबसाइट secondary.biharboardonline.com पर अपलोड कर दिया गया है. संबंधित अभ्यर्थी अपने यूजर आइडी के रूप में एप्लिकेशन नंबर व पासवर्ड के रूप में अपनी जन्म तिथि का उपयोग कर समिति की वेबसाइट से मूल प्रवेश पत्र डाउलोड कर सकते हैं. पेपर-टू का प्रवेश पत्र जून के प्रथम सप्ताह में वेबसाइट पर अपलोड किया जायेगा. परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से 5:30 बजे तक होगी. दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्रति घंटा 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जायेगा.

परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले रिपोर्टिंग टाइम

परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के लिए प्रथम पाली की परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले यानी सुबह 8:30 बजे रिपोर्टिंग समय निर्धारित किया गया है. सुबह 9:30 बजे परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया जायेगा. विलंब से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा. इसी प्रकार दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने के लिए डेढ़ घंटे पहले यानी दोपहर 1:30 बजे तक रिपोर्टिंग समय निर्धारित किया गया है. गेट बंद होने का समय 2:30 निर्धारित है. दूसरी पाली में भी विलंब से आने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा. परीक्षा समिति ने कहा है कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने या प्रवेश पत्र से संबंधित अन्य किसी प्रकार कठिनाई हो, तो अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर – 011-35450941 पर संपर्क कर सकते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >