Stadium In Bihar: पटना में बन रहे बिहार के दूसरे सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम का निर्माण अब अंतिम चरण में है. जल्द ही पटना में अब इंटरनेशनल मुकाबले देखने के लिए मिलेंगे. इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम के निर्माण की लागत लगभग 8.44 करोड़ रुपए बताई जा रही है. राजगीर में बने स्टेडियम की तरह पटना के हॉकी स्टेडियम में भी एस्ट्रोटर्फ लगाया जाएगा.
नीदरलैंड से मंगाया गया एस्ट्रोटर्फ
जानकारी के मुताबिक, नीदरलैंड से पॉलीटेन ब्लू एस्ट्रोटर्फ मंगाई गई है, जिसे स्टेडियम में लगाया जाएगा. बुडको की तरफ से स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है. साथ ही इसी महीने यानी कि मार्च में ही निर्माण कार्य पूरा कर लेने का टारगेट सेट किया गया है. हॉकी स्टेडियम की चौड़ाई 60 मीटर और लंबाई 99 मीटर है. इसका निर्माण पटना में राजेंद्र नगर फिजिकल कॉलेज की खाली जमीन पर किया जा रहा है.
क्या-क्या होंगी खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं?
स्टेडियम में स्प्रिंकलर सिस्टम भी लगाया जाएगा. इसके अलावा अन्य सुविधाओं के बारे में बताया गया कि यहां खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल, वार्म-अप के लिए जगह, फ्लडलाइट्स, चेंजिंग रूम के साथ-साथ लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह बनाई गई है. इसके बनने से खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करने के लिए एक अच्छी जगह मिल सकेगी. लेकिन अभी यहां नेशनल और इंटरनेशनल मुकाबले नहीं हो सकेंगे. इसमें अभी एक साल से भी ज्यादा समय लग सकता है.
इंटरनेशनल स्टैंडर्ड वाला दूसरा स्टेडियम
जानकारी के मुताबिक, इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम तक पहुंचने के लिए अब तक सीधी सड़क नहीं बन पाई है. जिस जमीन पर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, वह जमीन पहले दलदली थी. यह जगह काफी सालों तक खेलने के लायक नहीं थी. कई ट्रॉली मिट्टी मंगवा कर उसे भरा गया और अब उसी जमीन पर बिहार का दूसरा इंटरनेशनल स्टैंडर्ड वाला स्टेडियम बनाया गया है.
Also Read: चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग, पोस्टर लगे- ‘बिहार का CM सिर्फ चिराग हो’
