सोनू-मोनू गैंग ने अनंत सिंह के समर्थक पर चलाई गोली, फेसबुक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद, समझिए पूरा मामला

Sonu-Monu Gang Vs Anant Singh: बिहार के नौरंगा जलालपुर गांव में सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुए विवाद ने फायरिंग का रूप ले लिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Sonu-Monu Gang Vs Anant Singh: बिहार के नौरंगा जलालपुर गांव में एक बार फिर बाहुबली राजनीति और गैंगवार का तनाव देखने को मिला है. इस बार सोनू-मोनू गैंग ने कथित तौर पर अनंत सिंह के समर्थक और सरपंच पति मुकेश कुमार पर फायरिंग कर दी. घटना शनिवार की बताई जा रही है. फायरिंग के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.

सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

यह विवाद एक फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ है. अनंत सिंह के समर्थक मुकेश कुमार ने 22 मई को एक पोस्ट डाली थी, जिसमें उन्होंने पुलिस की तारीफ की थी. इसी पोस्ट को लेकर सोनू-मोनू के परिवार में नाराजगी फैल गई. आरोप है कि सोनू–मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने मुकेश से पोस्ट को लेकर सवाल किया और उसे हटाने के लिए कहा.

मुकेश का कहना है कि उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया था, बल्कि केवल पंचायत और थाना पुलिस की सराहना की थी. लेकिन इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई.

बहस से बढ़ा मामला, फिर चली गोलियां

मुकेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि विवाद इतना बढ़ गया कि प्रमोद सिंह ने अपने बेटों सोनू और मोनू को मौके पर बुला लिया. आरोप है कि इसके बाद दोनों भाई अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी. मुकेश का दावा है कि उस पर दो राउंड गोलियां चलाई गईं, लेकिन वह किसी तरह बच गया. घटना पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव की है. घटना के समय मुकेश पास के एक व्यक्ति के साथ पंचायत के काम से जा रहे थे, तभी रास्ते में यह विवाद हो गया.

पुलिस पहुंची तो घर पर हुआ हंगामा

फायरिंग की सूचना मिलते ही मुकेश ने तुरंत पुलिस को फोन किया. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सोनू–मोनू के घर पर काफी हंगामा देखने को मिला. बताया जा रहा है कि घर के बाहर मौजूद महिलाओं ने पुलिस को अंदर जाने से रोक दिया. करीब आधे घंटे तक गेट पर ही बहस चलती रही. इसी दौरान मौका पाकर सोनू और मोनू कथित तौर पर पीछे के रास्ते से फरार हो गए.

कई थानों की पुलिस ने की छापेमारी

घटना के बाद इलाके में पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. हाथीदह, मरांची और पंचमहला सहित कई थानों की पुलिस ने सोनू–मोनू की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पहले भी हो चुका है बड़ा गोलीकांड

यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके में सोनू–मोनू और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच टकराव हुआ हो. इससे पहले नौरंगा गोलीकांड में भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं. 22 जनवरी 2025 को हुए उस विवाद में करीब 100 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई थी. उस घटना में अनंत सिंह और सोनू–मोनू दोनों पक्षों पर गंभीर आरोप लगे थे और कई लोग जेल भी गए थे. ग्रामीणों के मुताबिक उस दिन शाम को गांव में अचानक तनाव बढ़ा और गोलियां चलने लगीं.

पुराने विवाद की जड़ क्या थी?

पुराने विवाद की वजह जमीन और मजदूरी भुगतान से जुड़ा मामला बताया जाता है. जानकारी के अनुसार, ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मुकेश कुमार से जुड़े पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ था. आरोप था कि बकाया पैसे को लेकर दबाव बनाया गया और इसी दौरान मारपीट और ताला लगाने जैसी घटनाएं हुईं. बाद में यह विवाद इतना बढ़ गया कि राजनीतिक और बाहुबली गुट भी इसमें शामिल हो गए.

पुलिस की जांच जारी, गांव में तनाव

ताजा घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी. फिलहाल गांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. स्थानीय लोगों में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है.

Also Read: JDU से RJD और अब BJP का दामन थामेंगी रितु जायसवाल, ऐसा रहा बिहार की राजनीति में उनका सफर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >