Bihar Solar Panel: बिहार के ग्रामीण इलाकों के गरीब और वंचित परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब कुटीर ज्योति श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं की छत पर 1.1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल पूरी तरह मुफ्त लगाया जाएगा. उपभोक्ताओं की सहमति मिलने के बाद उनके घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित किया जाएगा. इसके लिए उपभोक्ताओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.
क्या है इस योजना का मकसद?
इस योजना का मकसद ग्रामीण गरीब परिवारों को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है. सोलर पैनल लगने से घरेलू बिजली जरूरतों को पूरा करना आसान होगा. साथ ही हर महीने आने वाले बिजली बिल से भी राहत मिलेगी. सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का अधिक से अधिक इस्तेमाल हो.
इंजीनियरों ने बताया कि सोलर ऊर्जा भविष्य की जरूरत है. इससे न केवल पर्यावरण को लाभ होगा, बल्कि उपभोक्ताओं (Consumers) को लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ बिजली मिलेगी. सोलर पैनल से प्रदूषण भी नहीं होता, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा.
उपभोक्ताओं को रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा. इसके लिए सुविधा मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से अपनी सहमति देनी होगी. कस्टमर को अपने मोबाइल नंबर से एप पर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है. पंजीकरण के बाद विभाग की टीम आगे की प्रक्रिया पूरी करेगी. किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.
क्या है कुटीर ज्योति योजना?
कुटीर ज्योति योजना भारत सरकार की एक पुरानी और अहम योजना है. इसे वर्ष 1988-89 में शुरू किया गया था. इसका उद्देश्य गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले ग्रामीण परिवारों के घरों में एकल बिंदु बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराना था. इस योजना से लाखों गरीब परिवारों के घरों में पहली बार रोशनी पहुंची.
अब इसी कुटीर ज्योति योजना को सोलर ऊर्जा से जोड़ा गया है. इसके तहत 1.1 किलोवाट का सोलर प्लांट बिल्कुल मुफ्त लगाया जाएगा. इससे ग्रामीण परिवारों को नियमित और सस्ती बिजली मिलेगी. सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार होगा और राज्य हरित ऊर्जा की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ाएगा.
