पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Crime News : खगौल थाना क्षेत्र से सोमवार को लापता हुई एक नामचीन सरकारी स्कूल की नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है. छात्रा की बरामदगी के लिए दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है. टीम ने मंगलवार को छात्रा के स्कूल और कोचिंग संस्थान पहुंचकर शिक्षकों व छात्रों से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है.
जानिए क्या है पूरा मामला, आठ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गये
पुलिस ने छात्रा के आने-जाने वाले संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों में लगे करीब आठ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले. हालांकि अब तक फुटेज से पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. पुलिस छात्रा के गायब होने के कारणों और उसके संभावित ठिकाने का पता लगाने में जुटी है. जानकारी के अनुसार, दानापुर स्टेशन के समीप स्थित एक कॉलोनी निवासी परिजन सोमवार सुबह करीब 8 बजे छात्रा को स्कूल छोड़ने गये थे. स्कूल की छुट्टी करीब 1:40 बजे हुई, लेकिन छात्रा घर नहीं पहुंची. काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों और परिचितों से संपर्क किया. कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने अपने स्तर से छात्रा की तलाश शुरू की. तलाश के दौरान रेलवे पटरी के समीप छात्रा का स्कूल ड्रेस और बैग मिला. इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गयी और उन्होंने इसकी सूचना खगौल थाना पुलिस को दी. सामान मिलने के बाद परिजनों ने छात्रा के अपहरण की आशंका जतायी.
Also Read : पटना में आज बादल छाए रहने के आसार, हल्की बारिश के बीच 35 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
एफएसएल टीम ने भी की जांच,घटनास्थल से कई नमूने एकत्रित किये
दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 ने बताया की घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई नमूने एकत्रित किये हैं. पुलिस छात्रा के दोस्तों, शिक्षकों और परिचितों से पूछताछ के साथ ही अन्य संभावित बिंदुओं पर भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं.
