Shravani Mela Special Train: श्रावणी मेले के दौरान ट्रेनों में भीड़भाड़ की समस्या काफी बढ़ जाती है. सफर के दौरान भी काफी परेशानी यात्रियों को झेलनी पड़ती है. ऐसे में रेलवे ने दानापुर और भागलपुर के बीच अनारक्षित श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, (ट्रेन नंबर- 03234/03233) दानापुर भागलपुर-दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन किया जाएगा.
जानिए ट्रेन का रूट और टाइम टेबल
यह स्पेशल ट्रेन पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किउल और सुलतानगंज होते हुए चलेगी. जेनरल और स्लीपर क्लास के 14 कोच, दो एसएलआरडी कोच सहित 16 कोच होंगे. (ट्रेन नंबर- 03234) दानापुर-भागलपुर स्पेशल 9 और 10 अगस्त को दानापुर से दोपहर 3.30 बजे रवाना होकर रात 10 बजे भागलपुर पहुंचेगी. वापसी में (ट्रेन नंबर- 03233) भागलपुर-दानापुर स्पेशल 9, 10 और 11 अगस्त को रात 1 बजे भागलपुर से खुलेगी.
डीडीयू गया-डीडीयू स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए ही एक और स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है. पूर्व मध्य रेलवे ने 8 से 17 अगस्त तक हर रोज (ट्रेन नंबर- 03656/03655) डीडीयू गया-डीडीयू अनारक्षित श्रावणी मेला स्पेशल चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन डीडीयू, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन और अनुग्रह नारायण रोड होते हुए गया तक चलेगी.
बिहार की अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
क्या है ट्रेन की टाइमिंग?
गयाजी पहुंचने के बाद यात्रियों को (ट्रेन नंबर- 03654) गया-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल के जरिए जसीडीह और मधुपुर तक जाने की सुविधा मिलेगी. (ट्रेन नंबर- 03656) डीडीयू-गया स्पेशल सुबह 9.30 बजे डीडीयू से खुलकर दोपहर 2.05 बजे गयाजी पहुंचेगी. इसके बाद गयाजी से शाम 5 बजे खुलने वाली (ट्रेन नंबर- 03654) स्पेशल ट्रेन से श्रद्धालु जसीडीह और मधुपुर की यात्रा कर सकेंगे.
श्रावणी मेले को लेकर उमड़ती है भीड़
श्रावणी मेले की शुरुआत होते ही बाबा के भक्तों का रेला सड़कों से लेकर रेलवे स्टेशनों तक नजर आने लगता है. सुलतानगंज से लेकर देवघर और गया से लेकर जसीडीह तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचती है. ऐसी स्थिति में ट्रेनों में काफी परेशानी झेलनी पड़ जाती है. रेलवे की तरफ से श्रद्धालुओं के सफर को आसान बनाने के लिए हर साल स्पेशल ट्रेनों को चलाया जाता है.
