फ्लाइट में कैप्टन रूडी के अंदाज पर फिदा हुए शिवराज, बोले- राजीव जी, आज आपने दिल जीत लिया

Rajiv Pratap Rudy: पटना से दिल्ली की उड़ान शनिवार को खास बन गई, जब विमान के सह-कैप्टन की सीट पर बैठे थे सांसद राजीव प्रताप रूडी और यात्रियों में शामिल थे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान. हवा में हुई इस मुलाकात ने यात्रा को यादगार बना दिया.

Rajiv Pratap Rudy: शनिवार की शाम पटना से दिल्ली के बीच एक खास उड़ान चर्चा में रही. कारण था विमान के सह-कैप्टन की सीट पर बैठे थे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी, जबकि यात्रियों में शामिल थे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान. यह संयोग अपने आप में अद्भुत रहा, क्योंकि एक तरफ राजनीतिक मंच पर साथ काम करने वाले दो नेताओं की यह मुलाकात हवा में हुई, तो दूसरी ओर पूरे विमान में यात्रियों के लिए यह उड़ान खास और यादगार बन गई.

पटना से दिल्ली की हवाई यात्रा मेरे लिए अविस्मरणीय रही- शिवराज सिंह चौहान

शिवराज सिंह चौहान ने इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा- “राजीव जी, आज आपने दिल जीत लिया… आज पटना से दिल्ली की हवाई यात्रा मेरे लिए अविस्मरणीय रही, क्योंकि इस फ्लाइट के सह-कैप्टन थे मेरे प्रिय मित्र, वरिष्ठ राजनेता और छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी जी.” उन्होंने आगे लिखा कि रूडी ने जिस सरल और रोचक अंदाज में यात्रियों से संवाद किया, वह असाधारण था.

रूडी ने उड़ान शुरू करते समय क्या कहा?

रूडी ने उड़ान शुरू करते समय कहा- “आज पटना के चारों ओर बादलों ने डेरा जमाया है, कल से लगातार बारिश हो रही है. हम बादलों के बीच और हल्की बारिश के साथ दिल्ली की ओर उड़ान भर रहे हैं. रास्ते में बनारस के ऊपर से गुजरेंगे, बाईं ओर प्रयागराज और दाईं ओर लखनऊ दिखेंगे. गंगा जी और यमुना जी के दर्शन करते हुए हम दिल्ली की ओर बढ़ेंगे.”

पूरा विमान तालियों से गूंज उठा

इस पूरे संवाद ने यात्रियों को यात्रा से जोड़ दिया. विमान में मौजूद हर व्यक्ति उस पायलट की आवाज सुनने में मग्न था, जो सामान्य तौर पर संसद में बोलते हैं, लेकिन इस दिन आकाश में बोल रहे थे. यात्रा के अंत में जब राजीव प्रताप रूडी ने यात्रियों से सफल यात्रा के लिए ताली बजाने का अनुरोध किया, तो पूरा विमान तालियों से गूंज उठा. शिवराज सिंह चौहान ने इस क्षण को “अद्भुत और अभूतपूर्व अनुभव” बताया और लिखा कि रूडी का यह अंदाज यात्रियों के दिल में उतर गया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई उड़ान की कहानी

बता दें, सांसद राजीव प्रताप रूडी भारत के कुछ गिने-चुने राजनीतिक नेताओं में से हैं, जो लाइसेंसधारी पायलट भी हैं. वे समय-समय पर अपने इस पेशेवर जुनून को निभाते हुए विमान उड़ाते हैं. राजनीति और पायलटिंग का यह संगम शनिवार को एक बार फिर देखने को मिला, और इस उड़ान की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.

Also Read: Bihar Politics: कुछ लोग जननायक की विरासत चुराने में जुटे हैं…, पीएम मोदी बोले- कर्पूरी ठाकुर का सम्मान कोई नहीं छीन सकता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >