Patna News : (बिहटा) सचिवालय से जुड़े विभिन्न सरकारी भवनों में कार्यरत पदाधिकारियों और कर्मियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए बिहटा स्थित बिहार अग्नि प्रशिक्षण अकादमी में दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र शुरू हुआ. सोमवार से शुरू हुए प्रशिक्षण में कर्मियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की थ्योरी के साथ-साथ अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है.
आग लगने पर क्या करें, दिया जा रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदम, सुरक्षित तरीके से भवन से बाहर निकलने, अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल और आपात स्थिति में खुद के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा करने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है. प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यालयों में आग लगने की घटनाओं के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करना है.
तीन चरणों में होगा प्रशिक्षण
बिहार अग्नि प्रशिक्षण अकादमी, बिहटा के प्राचार्य मोहम्मद एहतेराम अली ने बताया कि सचिवालय से संबद्ध विभिन्न भवनों में कार्यरत पदाधिकारियों और कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण तीन सत्रों में आयोजित किया जा रहा है. पहला सत्र 17 और 18 अगस्त, दूसरा 20 और 21 अगस्त तथा तीसरा सत्र 24 और 25 अगस्त को आयोजित होगा.
थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
प्रशिक्षण का संचालन केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, आनंदपुर, बिहटा के समादेशक सह अग्निशमन पदाधिकारी महेंद्र कुमार बरही (भा.पु.से.) तथा राज्य अग्निशमन पदाधिकारी बिहार एम. सुनील कुमार नायक के निर्देशन में किया जा रहा है. प्रशिक्षण में कर्मियों को आग से बचाव के साथ आपात स्थिति में त्वरित और सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार किया जा रहा है.
