पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna News : पटना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को डाक बंगला चौराहे पर मिशन सफर (सेफ एक्शन फॉर फर्स्ट एड एंड एक्सीडेंट रिस्पांस) के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. जीडी गोयनका स्कूल की छात्राओं ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. छात्राओं ने लोगों को ‘सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और यातायात नियमों का पालन करें’ का संदेश दिया.
चौराहे पर लोगों से किया सीधा संवाद
अभियान के दौरान छात्राओं ने सड़क पर आम लोगों से सीधा संवाद कर यातायात नियमों के पालन की अपील की. उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को आईएसआई मार्क वाला मानक हेलमेट पहनने और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया. पैदल चलने वालों से सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने की अपील भी की गई.
चालान से बचने नहीं, जिंदगी बचाने के लिए जरूरी नियम
छात्राओं ने लोगों को समझाया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है. छात्राओं की इस पहल से आम लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश पहुंचा.
दुर्घटना में प्राथमिक सहायता की भी दी जानकारी
अभियान में शामिल छात्राओं ने स्वयं भी यातायात नियमों और दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक सहायता के महत्व को समझा. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है. बच्चों के माध्यम से दिया गया संदेश लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचता है.
