Patna News : पटना जिले के खुसरूपुर में सावन की तीसरी सोमवारी पर 'भोले की नगरी' कहे जाने वाले खुसरूपुर स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्रीगौरीशंकर बैकुंठनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. अलसुबह एक बजे मंदिर का पट खुलते ही बाबा बैकुंठनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं. दिनभर हर-हर महादेव और जय शिव शंभू के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा.
हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा बैकुंठनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. इस दौरान सैकड़ों डाक कांवड़ियों ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान शिव को जल अर्पित किया. मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही.
महिला श्रद्धालुओं की रही विशेष भागीदारी
मंदिर में महिला श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली. महिलाएं पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए घंटों कतार में खड़ी रहीं. श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, फूल और गंगाजल अर्पित कर भोलेनाथ की आराधना की.
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. रविवार रात से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी. पुलिस की मुस्तैदी और सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण भक्तों ने शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में जलाभिषेक किया.
देर शाम तक चलता रहा दर्शन-पूजन
मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा. पूरे दिन बैकुंठनाथ धाम में भक्तों का आना-जाना लगा रहा और मंदिर परिसर शिवभक्ति के रंग में डूबा रहा.
