पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna News : (पटना) श्रीकृष्णापुरी थाना और एसआईयू की टीम ने मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए मैनपुरा से गांजा बेचने के आरोप में सारण निवासी रामनाथ सिंह को गिरफ्तार किया. वह वर्तमान में मैनपुरा में किराये के मकान में रह रहा था. पुलिस ने उसके किराये के घर से 9.80 किलो गांजा बरामद किया है. बरामद गांजे की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है.
छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था गांजा
पुलिस के अनुसार, रामनाथ गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था. एक पुड़िया की कीमत 100 से 150 रुपये तक होती थी. वह पिछले दो-तीन वर्षों से मैनपुरा और राजापुर इलाके में घूम-घूमकर गांजा बेच रहा था. पुलिस की जिप्सी देखते ही वह छिप जाता था.
रामनाथ के खिलाफ लगातार गांजा बेचने की शिकायतें मिल रही थीं. इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई और मंगलवार को कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
सारण से गांजा लाकर पटना में करता था बिक्री
पूछताछ में रामनाथ ने पुलिस को बताया कि वह खर्च चलाने के लिए गांजा बेचता था. उसने यह भी स्वीकार किया कि वह सारण से गांजा लाकर मैनपुरा और राजापुर इलाके में बेचता था. पुलिस उसके बताए ठिकानों और संपर्कों की भी जांच कर रही है.
मोबाइल की जांच से नेटवर्क का पता लगाएगी पुलिस
पुलिस अब रामनाथ के मोबाइल फोन की जांच कर गांजा सप्लाई करने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसे गांजा कौन उपलब्ध कराता था और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
छह लाख रुपये का गांजा बरामद
श्रीकृष्णापुरी थानाध्यक्ष जितेंद्र राणा ने बताया कि गांजा बेचने के आरोप में रामनाथ को गिरफ्तार किया गया है. उसके किराये के मकान से 9.80 किलो गांजा बरामद हुआ है. बरामद गांजे की कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है. मामले में आगे की जांच की जा रही है.
