Patna News: नगर परिषद बिहटा एवं दानापुर की तर्ज पर समान मजदूरी और समय पर भुगतान की मांग को लेकर मनेर नगर परिषद के सफाई कर्मी सोमवार को हड़ताल पर रहे. हड़ताल के कारण शहर के कई इलाकों में कूड़े का उठाव नहीं हो सका. सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाई कार्य कराने वाली एजेंसी ने दूसरे स्थानों से श्रमिकों को बुलाकर सफाई कार्य कराने का प्रयास किया, लेकिन इसका अपेक्षित असर नहीं दिखा.
समान मजदूरी और पारदर्शी भुगतान की मांग
सफाई कर्मियों का कहना था कि मजदूरी में की गई बढ़ोतरी की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाए, ताकि उन्हें स्पष्ट रूप से पता चल सके कि उनके भुगतान में कितनी वृद्धि हुई है. उनका आरोप है कि किसी श्रमिक के खाते में दो हजार रुपये, किसी के खाते में तीन हजार रुपये तो किसी के खाते में एक हजार रुपये आए हैं. ऐसे में उन्हें यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि वास्तविक रूप से उन्हें कितनी मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है.
बिहटा और दानापुर की तर्ज पर भुगतान की मांग
हड़ताली सफाई कर्मियों ने मांग की कि मनेर नगर परिषद में भी बिहटा एवं दानापुर नगर परिषद की तरह श्रम शुल्क का भुगतान किया जाए और उसका समय पर उनके बैंक खातों में हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि श्रमिकों को उनके श्रम का उचित और पारदर्शी भुगतान मिलना चाहिए.
नगर परिषद कार्यालय के समीप किया प्रदर्शन
अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय के समीप विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की. श्रमिकों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहेंगे.
क्या बोले नगर परिषद के मुख्य सहायक
इस संबंध में नगर परिषद के मुख्य सहायक मुकेश कुमार ने बताया कि हड़ताल कुछ समय के लिए ही रही. बाद में श्रमिकों का भुगतान कर सफाई कार्य शुरू करा दिया गया. उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया गया है.
