आइआइटी, एनआइटी व अन्य संस्थानों में एडमिशन के लिए आज से रजिस्ट्रेशन

रिजल्ट जारी होने के बाद तीन जून से आइआइटी, एनआइटी, ट्रिपलआइटी व जीएफटीआइ में प्रवेश के लिए जोसा काउंसेलिंग प्रक्रिया प्रारंभ होगी

संवाददाता, पटना

रिजल्ट जारी होने के बाद तीन जून से आइआइटी, एनआइटी, ट्रिपलआइटी व जीएफटीआइ में प्रवेश के लिए जोसा काउंसेलिंग प्रक्रिया प्रारंभ होगी. काउंसेलिंग प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. इस वर्ष जोसा काउंसेलिंग द्वारा 23 आइआइटी, 32 एनआइटी, 26 ट्रिपलआइटी एवं 47 जीएफटीआइ में प्रवेश दिया जायेगा. काउंसेलिंग प्रक्रिया तीन जून से 28 जुलाई के मध्य छह राउंड में होगी. विद्यार्थी तीन से 12 जून शाम पांच बजे से जोसा काउंसेलिंग वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन एवं कॉलेज च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे. 14 जून को पहले राउंड का सीट आवंटन होगा. जिन विद्यार्थियों को पहले राउंड में सीट का आवंटन होगा, उन्हें ऑनलाइन रिपोर्टिंग के दौरान सीट असेपटेंस फीस जमा कर डॉक्यूमेंट्स अपलोड कर अपनी सीट 19 जून तक कन्फर्म करनी होगी. दूसरे राउंड का सीट आवंटन 21 जून, तीसरे का 28 जून, चौथे का चार जुलाई व पांचवां 10 जुलाई को होगा. अंतिम यानी छठे राउंड का सीट आवंटन 16 जुलाई को होगा.

—-

ऐसे फिल करें कॉलेज व ब्रांच च्वाइस

विद्यार्थियों को जोसा काउंसेलिंग में 127 संस्थानों की 700 से अधिक प्रोग्रामों की च्वाइस फिलिंग का अवसर एक बार ही दिया गया है, अतः विद्यार्थी ज्यादा से ज्यादा कॉलेजों के विकल्प को अपनी प्राथमिकता के घटते क्रम में भरें. विद्यार्थी गत वर्षों की कॉलेजों की ओपनिंग एवं क्लोजिंग रैंकों को देखते हुए कॉलेजों को चुनने के ट्रेंड का अनुमान लगा सकते हैं. विद्यार्थी अपनी रैंक के अनुसार गत वर्षों की क्लोजिंग रैंक से नीचे की रैंक वाले कॉलेज ब्रांचों को भी अपनी रुचि अनुसार कॉलेज प्राथमिकता सूची के क्रम में शामिल करे. जोसा काउंसलिंग में कॉलेजों को भरने से पूर्व अपनी प्राथमिकता के कॉलेजों की सूची कागज पर बनाकर उसका आंकलन कर ही ऑनलाइन भरें, ताकि गलती होने की आशंका न रहे. विद्यार्थी कॉलेज च्वाइस लॉक करने से पूर्व अवश्य चेक करें क्योंकि लॉक करने के बाद उसमें बदलाव संभव नहीं होंगे.

—-

पहला अलॉटमेंट ओपन रैंक से होगा

जोसा काउंसेलिंग के दिये गये बिजनेस रूल के अनुसार सभी विद्यार्थियों को उनके रैंक के अनुसार भरी हुई कॉलेज सीट आवंटन में सबसे पहला सीट आवंटन ओपन रैंक पर ही किया जायेगा. ओपन रैंक पर सीट नहीं मिलने पर कैटेगरी वाले स्टूडेंट्स को उनकी कैटेगरी रैंक के अनुसार कॉलेज सीट आवंटित की जायेगी. इस प्रकार कैटेगरी वाले विद्यार्थियों को ओपन व कैटेगरी, दोनों में से सीट रैंक अनुसार मिल सकता है.

——-

ऑनलाइन रिपोर्टिंग में आवश्यक दस्तावेज:

एक्सपर्ट आहूजा के अनुसार जोसा काउंसेलिंग में सीट आवंटन के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन रिपोर्टिंग में 10वीं, 12वीं की अंकतालिका, कैटेगिरी सर्टिफिकेट, कैंसिल चैक की फॉटोकॉपी, मेडिकल सर्टिफिकेट आदि स्कैन कर अपलोड करने होंगे. इडब्ल्यूएस एवं ओबीसी के विद्यार्थियों को एक अप्रैल 2025 के बाद का कैटेगिरी सर्टिफिकेट देना होगा. अन्यथा उनकी कैटेगिरी निरस्त कर ओपन रैंक से सीट आवंटित की जायेगी.

18 मई को हुई थी परीक्षा:

जेइइ एडवांस्ड की परीक्षा परीक्षा 18 मई को दो पारियों में हुई थी. देश की 23 आइआइटी की 17740 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा हुई. देश में 222 और विदेश में दुबई व काठमांडू के साथ 224 शहरों में परीक्षा हुई. प्रोविजनल आंसर-की 25 मई को जारी की गयी. 27 मई तक आंसर-की पर चैलेंज लिये गये थे. रिजल्ट दो जून को जारी कर दिया गया.

जेइइ मेन के बाद एडवांस्ड के लिए 2.50 लाख स्टूडेंट्स को क्वालीफाइ किया जाता है, लेकिन शामिल होने वालों की संख्या कम रहती है-

– 2019 में 161319

– 2020 में 150858

– 2021 में 141699

– 2022 में 155532

– 2023 में 180372

– 2024 में 180200

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANURAG PRADHAN

ANURAG PRADHAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >