Ration Card Bihar: बिहार के राशन कार्ड के लाभुकों से जुड़ी जरूरी खबर है. पटना जिले में 2.99 लाख सस्पेक्टेड राशन कार्ड जांच के बाद रद्द कर इसके लाभार्थियों के नाम हटा दिए गए हैं. जांच में राशन कार्ड बनवाने वाले कई लाभुक विस्थापित मिले. ये लाभुक जिला छोड़कर कहीं और काम कर रहे हैं. वेरिफिकेशन के दौरान ऐसे लाभुकों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई.
3.16 लाख लाभुकों की भेजी गई थी लिस्ट
जानकारी के मुताबिक, अनुमंडल स्तर पर जब जांच की गई तो, इन कार्डों में दर्ज लाभुक सरकारी नौकरी-पेशा, इनकम टैक्स भरने वाले और चारपहिया वाहन मालिक मिले. खाद्य, उपभोक्ता व संरक्षण विभाग ने पटना जिले में 3.16 लाख सस्पेक्टेड राशन कार्डों की लिस्ट भेजी थी. अनुमंडल स्तर पर इसकी जांच कराने के बाद 2.99 लाख राशन कार्ड रद्द कर दिए गए. अब सिर्फ 16377 राशन कार्ड की जांच की प्रक्रिया चल रही है.
एडीएम ने क्या दी जानकारी?
एडीएम आपूर्ति रवींद्र कुमार दिवाकर ने बताया कि विभाग से मिले सस्पेक्टेड राशन कार्ड में 2.99 लाख राशन कार्ड की जांच की प्रक्रिया पूरी हो गई है. ये सभी राशन कार्ड अयोग्य पाए गए हैं. सस्पेक्टेड राशन कार्ड में मात्र 16377 राशन कार्ड की जांच हो रही है. जिले में पटना सदर में सबसे अधिक 114298 सस्पेक्टेड राशन कार्ड की लिस्ट उपलब्ध कराई गई, जिनमें 82 की जांच बाकी है.
किस अनुमंडल में कितने राशन कार्ड हुए रद्द
- बाढ़ में 56248
- दानापुर में 62104
- मसौढ़ी में 22559
- पालीगंज में 30078
- पटना सिटी में 14721
- पटना सदर में 114236
- टोटल रद्द राशन कार्ड- 299946
ऐसे लोगों के राशन कार्ड हुए रद्द
जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान ऐसे लोगों को राशन कार्ड की लिस्ट से बाहर किया जा रहा है जिनके पास फोर व्हीलर है, जो इनकम टैक्स भरते हैं, जो किसी कंपनी में ऊंचे पोस्ट पर काम कर रहे हैं या फिर काफी लंबे समय से राशन नहीं ले रहे हैं. इन मानकों पर जांच की गई और जो कोई भी राशन कार्डधारी इन मानकों पर खरा नहीं उतर पाएं, उन्हें लिस्ट से हटा दिया गया. अभी जांच की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी.
Also Read: बिहार के 33 जिलों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी, बिजली गिरने की भी संभावना
