पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Railway Track Death in Patna : वैशाली जिले के विदुपुर अंचल में अमीन के पद पर कार्यरत शेखर सुमन का शव 22 जून को राजेंद्र नगर टर्मिनल क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. मामले में मृतक के पिता संजीव कुमार ने लूटपाट का विरोध करने पर ट्रेन से धक्का देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. उनके बयान पर राजेंद्र नगर टर्मिनल जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पिता ने लगाया लूटपाट के बाद हत्या का आरोप
मूल रूप से नवादा जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र के मेढ़कुरी निवासी संजीव कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र शेखर सुमन के साथ ट्रेन में लूटपाट की गई और विरोध करने पर उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
22 जून को रेलवे ट्रैक के पास मिला था शव
राजेंद्र नगर टर्मिनल जीआरपी प्रभारी दीपनारायण प्रसाद ने बताया कि 22 जून को पोल संख्या 239 के पास शेखर सुमन का शव बरामद हुआ था. प्रथम दृष्टया मामला चलती ट्रेन से गिरने का प्रतीत होता है. हालांकि परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. शव के पास से बरामद मोबाइल फोन और बैग परिजनों को सौंप दिया गया है. मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकालकर जांच की जा रही है.
20 जून को घर आए थे, 21 जून को ड्यूटी के लिए निकले
पिता ने बताया कि शेखर सुमन 20 जून को छुट्टी लेकर अपने नवादा स्थित घर आए थे. 21 जून को वह ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए अपने दादा अनिल कुमार के साथ घर से निकले. तिलैया स्टेशन पर दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस की सामान्य बोगी में सवार होने के बाद दादा वापस लौट गए. अगले दिन 22 जून को स्थानीय दफादार श्रीकांत सिंह ने परिवार को सूचना दी कि शेखर सुमन का शव राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास रेलवे ट्रैक पर मिला है.
वीडियो सौंपने के बाद दर्ज कराया मामला
घटना की जानकारी मिलने पर संजीव कुमार राजेंद्र नगर टर्मिनल जीआरपी पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें घटना से संबंधित एक वीडियो उपलब्ध कराया. इसके बाद उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई. रेल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीडीआर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : पटना जंक्शन पर जाली नोट दिखाकर यात्रियों को बनाते थे शिकार, गिरोह का सरगना दिल्ली से गिरफ्तार, कई साथियों की तलाश जारी
