राबड़ी देवी बोलीं- सम्राट चौधरी फोर्स बुलाकर खाली करवा लें बंगला, पूर्व सीएम ने 10 सर्कुलर रोड वाला घर छोड़ने से किया इनकार

Rabri Devi: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 20 साल पुराने 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास को खाली करने का नोटिस मिला है. हालांकि राबड़ी ने साफ कहा है कि सम्राट चौधरी फोर्स बुलाकर बंगला खाली करवा ले. हम नहीं करेंगे.

Rabri Devi: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास खाली करने इनकार कर दिया हैं. उन्होंने कहा है कि सम्राट चौधरी फोर्स बुलवाकर बंगला खाली करवा लें. भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में नोटिस जारी किया था. विभाग की ओर से यह तीसरा नोटिस बताया जा रहा है. नोटिस में कहा गया है कि यह आवास अब पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है, इसलिए इसे जल्द खाली किया जाए.

राबड़ी देवी का दो टूक जवाब

नोटिस मिलने के बाद राबड़ी देवी ने साफ शब्दों में कहा कि वह किसी भी कीमत पर 10 सर्कुलर रोड वाला आवास खाली नहीं करेंगी. उन्होंने कहा कि अगर सरकार आवास खाली कराना चाहती है तो फोर्स बुलाकर खाली करवा ले. दिल्ली से पटना लौटने के बाद उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

39 हार्डिंग रोड का बंगला पहले ही हो चुका है आवंटित

भवन निर्माण विभाग के अनुसार, नवंबर 2025 में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था. विभाग का कहना है कि नया आवास मिलने के बावजूद उन्होंने अब तक पुराना आवास खाली नहीं किया है.

2005 से 10 सर्कुलर रोड में रह रहा है लालू परिवार

लालू प्रसाद और उनका परिवार साल 2005 से 10 सर्कुलर रोड स्थित इस सरकारी बंगले में रह रहा है. विभाग का दावा है कि पिछले छह महीनों में कई बार आग्रह किया गया कि राबड़ी देवी नए आवास में शिफ्ट हो जाएं, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ.

एक महीने पहले भी भेजा गया था नोटिस

भवन निर्माण विभाग ने करीब एक महीने पहले भी राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस भेजा था. उस समय भी विभाग ने स्पष्ट किया था कि नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड का आवास निर्धारित किया गया है और पुराने आवास को खाली करना आवश्यक है.

धीरे-धीरे हटाया जा रहा सामान

सूत्रों के मुताबिक 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली कराने की प्रक्रिया पिछले कुछ समय से चल रही है. घर का सामान चरणबद्ध तरीके से अन्य आवासों में शिफ्ट किया जा रहा है. हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक आवास पूरी तरह खाली नहीं किया गया है.

Also Read: फॉरेन ट्रिप कराकर अफसरों पर करता था कंट्रोल, फिर हासिल किए ठेके, IAS पोस्टिंग तक में भी दखल देता था रिशु श्री, ED ने खोले कई राज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >