पीयू : मांगें पूरी न होने पर 23 और 24 फरवरी को कर्मचारी संघ करेंगे प्रदर्शन

पटना विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कर्मचारियों के लंबित मांगों पर कोई सुनवाई नहीं होने को लेकर कर्मचारी संघ ने नाराजगी जाहिर की है

संवाददाता, पटना

पटना विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कर्मचारियों के लंबित मांगों पर कोई सुनवाई नहीं होने को लेकर कर्मचारी संघ ने नाराजगी जाहिर की है. कर्मचारियों का कहना है कि मांगों को पूरा करने का आश्वासन देने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन मुकर जाता है. कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को आशा थी कि मांगें पूरी की जायेंगी. लेकिन दो वर्ष पुराना एसीपी / एमएसीपी के मामलों का निबटारा किया गया, उसमें भी वर्तमान में जितना वेतन मिल रहा था, उससे भी कम वेतन निर्धारित किया गया है. गुरुवार को पटना विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी की आपात बैठक में निर्णय लिया गया है कि इस बार कर्मचारी अपनी मांगों की पूर्ति के लिए 23 और 24 फरवरी को विश्वासघात दिवस मनाते हुए शाम 3:00 बजे दिन से शाम 5:00 बजे तक पटना विश्वविद्यालय मुख्यालय में शांतिपूर्वक प्रदर्शन करेंगे. 25 फरवरी को आगे की कार्रवाई के लिए कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया जायेगा. इस कार्य से अगर किसी भी प्रकार की कार्य में बाधा उत्पन्न होती है, तो इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा. कर्मचारियों ने कहा कि वर्षों से अर्हताधारी कर्मचारियों को प्रोन्नति के लाभ से वंचित रखा जा रहा है. कर्मचारियों ने कहा कि कुलपति ने कई बार आश्वासन भी दिया और वह कर्मचारियों के मांगों के प्रति बहुत गंभीर भी हैं. लेकिन कुछ पदाधिकारी और कर्मी उन्हें दिग्भ्रमित कर देते हैं. कार्यकारिणी की बैठक में संघ के अध्यक्ष सुबोध कुमार, महासचिव, फरमान अब्बास, संयुक्त सचिव, सोहन प्रसाद सिंह, जितेन्द्र कुमार सिंह, संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष नसीम खां, कार्यकारिणी सदस्यों में चंदन कुमार, सतगुरु सरण, त्रिपुरारी सिंह, राजु कुमार इत्यादि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMBER MD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >