Patna News : फुलवारी शरीफ में चौहरमल सेना के बैनर तले रविवार को पुनपुन लक्ष्मण झूला पुल से भूमि अधिकार एवं आरक्षण बचाव यात्रा निकाली गयी. पैदल यात्रा मंगलीचक होते हुए अंबेडकर परिसर पहुंची, जहां बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद यात्रा का समापन हुआ.
महिलाओं और युवाओं ने लिया हिस्सा
यात्रा में दलित और महादलित समुदाय की महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. इस दौरान भूमि अधिकार, आरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दे उठाये गये. लोगों को संविधान प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया गया.
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया नेतृत्व
यात्रा का नेतृत्व चौहरमल सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक पासवान ने किया. उनके साथ राहुल पासवान, बिनय पासवान, सर्वण पासवान समेत फुलवारी प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता शामिल रहे.
अधिकारों के प्रति जागरूकता उद्देश्य
आयोजकों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य भूमि अधिकार, आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा संविधान प्रदत्त अधिकारों की जानकारी देना है. यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई.
