प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान 2026 : प्रधान संपादक अंकित शुक्ला और वाइस प्रेसिडेंट विजय बहादुर ने बढ़ाया बिहार के बच्चों का हौसला

Prabhat Khabar Pratibha Samman : प्रभात खबर की ओर से आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए. इस अवसर पर प्रभात खबर के प्रधान संपादक अंकित शुक्ला और वाइस प्रेसिडेंट विजय बहादुर ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए बिहार के विकास में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया.

Prabhat Khabar Pratibha Samman : बिहार के प्रतिभाशाली और मेधावी छात्रों के लिए प्रभात खबर ने आज पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन किया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया. साथ ही बिहार के सैकड़ों मेधावी बच्चों को सम्मानित भी किया. इस मौके पर प्रभात खबर के प्रधान संपादक अंकित शुक्ला ने कहा कि यह कार्यक्रम बिहार के भविष्य के उदय का स्वागत करने के लिए आयोजित किया गया है. माननीय मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए बिहार सरकार की प्रतिबद्धता को प्रमाणित करती है.

उन्होंने बताया कि प्रभात खबर पिछले 22 वर्षों से इस फ्लैगशिप सम्मान समारोह को आयोजित कर रहा है, जिसकी नींव रांची में पड़ी थी और 2012 तक यह बिहार में लॉन्च हो चुका था. यह कार्यक्रम अब एक आंदोलन बन चुका है, जिसके तहत अब तक 10,00,000 से अधिक छात्रों को सम्मानित किया जा चुका है. यह सम्मान सिर्फ अंकों का नहीं, बल्कि छात्रों के विकास, फोकस और मेहनत का है. उन्होंने झारखंड के चतरा के डीसी का उदाहरण देते हुए बताया कि वह भी कुछ वर्ष पहले इसी कार्यक्रम में सम्मानित हो चुके हैं.

कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, प्रधान संपादक व अन्य लोग.

बिहार के मजबूत हुए शिक्षा ढांचे की सराहना की

प्रधान संपादक ने कहा कि कोरोना काल में भी बच्चों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद 95% से 99% मार्क्स हासिल किए, जो उनकी एकाग्रता को दर्शाता है. उन्होंने पिछले 30 वर्षों में बिहार के मजबूत हुए शिक्षा ढांचे की सराहना की और शिक्षा मंत्री से अपील की कि कोचिंग का दायरा थोड़ा बढ़ाया जाए तथा मार्क्स का क्राइटेरिया कम किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चे लाभान्वित हो सकें. उन्होंने सरकार के साथ मिलकर लास्ट माइल तक एजुकेशन पहुंचाने की बात कही और छात्रों से अपने माता-पिता व शिक्षकों के लिए तालियां बजवाने का आह्वान किया.

श्रम और मेधा के रिवर्स माइग्रेशन पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभात खबर के वाइस प्रेसिडेंट विजय बहादुर ने कहा कि इस भव्य आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक माहौल बनाना, अपने बीच की मेधा का सम्मान करना और दूसरों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है.

उन्होंने कहा कि बिहार में पहली बार श्रम और मेधा दोनों के लिए ‘रिवर्स माइग्रेशन’ की बात हो रही है, ताकि बिहार की प्रतिभा को सही पहचान मिल सके. इस साल के आईआईटी टॉपर शुभम कुमार भी बिहार से ही हैं. देश की कुल जनसंख्या में बिहार का योगदान लगभग 10% है. उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे चाहे बिहार में रहें या बाहर, उन्हें अपनी ‘बिहारियाना’ को जिंदा रखना चाहिए और राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहिए.

कार्यक्रम को संबोधित करते वाइस प्रेसिडेंट.

डिजिटल माध्यम से जुड़े 10 हजार ग्रामीण बच्चे

वाइस प्रेसिडेंट ने बताया कि इस बार दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चों को जोड़ने के लिए डिजिटल माध्यमों (वेबसाइट और ऐप) का बड़े पैमाने पर उपयोग किया गया. इसके माध्यम से बिहार के ग्रामीण इलाकों के लगभग 10,000 बच्चों ने पंजीकरण कराया, जिनमें गोपालगंज, जमुई, झारखंड और पटना शहर के बच्चे शामिल हैं. उन्होंने खबरों की विश्वसनीयता पर जोर देते हुए कहा कि प्रभात खबर का हमेशा यह प्रयास रहता है कि कोई भी खबर गलत नहीं जानी चाहिए और संस्थान के भीतर गलती होने पर माफी मांगने की क्षमता भी होनी चाहिए.

ALSO READ : तस्वीरों में देखिए प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान 2026, बिहार के सैकड़ों मेधावी बच्चों को मुख्यमंत्री-शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित

प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह में CM सम्राट ने किए कई ऐलान, मॉडल स्कूल, नए कॉलेज और बेटियों की सुरक्षा पर कही बड़ी बातें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anjani Pandey

अंजनी पांडेय बिहार की डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10+ वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने पटना में दैनिक भास्कर और लाइव सिटीज़ जैसे प्रमुख डिजिटल मीडिया संस्थानों में विभिन्न संपादकीय भूमिकाओं में काम किया है। उन्हें न्यूज़रूम संचालन, कंटेंट रणनीति और डिजिटल संपादन का गहरा अनुभव है। मई 2026 में उप मुख्य कंटेंट राइटर और टीम लीड के तौर पर प्रभात खबर से जुड़ने से पहले करीब डेढ़ साल तक वे राजनीतिक संचार और जनसंपर्क से भी जुड़े रहे हैं। राजनीति, अपराध और समसामयिक घटनाओं से जुड़ी खबरों के आइडिएशन और संपादन में उनकी विशेष रुचि है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >