JDU से RJD और अब BJP का दामन थामेंगी रितु जायसवाल, ऐसा रहा बिहार की राजनीति में उनका सफर

Bihar Politics: बिहार की चर्चित महिला नेता और RJD की पूर्व प्रवक्ता रितु जायसवाल अब बीजेपी में शामिल होने जा रही हैं. कभी जेडीयू से राजनीति शुरू करने वाली रितु का कद राजद मे तेजी से बढ़ा. विधानसभा चुनाव में पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ीं. अब उनका यह कदम बिहार की राजनीति में नए समीकरण और बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है.

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में दल-बदल कोई नई बात नहीं है, लेकिन जब कोई मजबूत और मुखर चेहरा अचानक पाला बदलता है तो राजनीतिक हलचल तेज हो जाती है. ऐसा ही एक बड़ा घटनाक्रम अब बिहार में देखने को मिल रहा है. चर्चित महिला नेता और आरजेडी की पूर्व प्रवक्ता रितु जायसवाल अब बीजेपी में शामिल होने जा रही हैं. जानकारी के मुताबिक 26 मई को वह आधिकारिक तौर पर बीजेपी का दामन थाम लेंगी.

आरजेडी की मुखर आवाज मानी जाती थीं रितु

रितु जायसवाल उन नेताओं में गिनी जाती थीं जो टीवी डिबेट से लेकर जनसभाओं तक खुलकर आरजेडी का पक्ष रखती थीं. पार्टी ने भी उन पर भरोसा जताते हुए कई अहम जिम्मेदारियां दी थीं. उन्हें आरजेडी महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था. इसके अलावा वह 2021 से 2023 तक पार्टी की आधिकारिक प्रवक्ता भी रहीं. उनकी पहचान तेज-तर्रार और आक्रामक नेता के तौर पर बनी.

जेडीयू से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

दिलचस्प बात यह है कि रितु जायसवाल का राजनीतिक सफर जेडीयू से शुरू हुआ था. बाद में उन्होंने लालू यादव की पार्टी आरजेडी का दामन थामा और तेजी से पार्टी में अपनी जगह बनाई. हालांकि अब वह तीसरी बार राजनीतिक पाला बदलने जा रही हैं. इससे यह भी संकेत मिल रहा है कि बिहार में चुनाव से पहले नेताओं की नई राजनीतिक पोजिशनिंग शुरू हो चुकी है.

मुखिया रहते हुए बनाई अलग पहचान

हाजीपुर की रहने वाली रितु जायसवाल का जन्म 1977 में हुआ था. राजनीति में सक्रिय होने से पहले वह सामाजिक कार्यों से जुड़ी रहीं. उन्हें सबसे ज्यादा पहचान सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा ब्लॉक स्थित सिंहवाहिनी पंचायत की मुखिया के रूप में मिली. 2016 में मुखिया बनने के बाद उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और पंचायत विकास के मुद्दों पर काफी काम किया. उनके काम की चर्चा राज्य स्तर तक हुई थी.

चुनावी हार बनी राजनीतिक दूरी की वजह?

रितु जायसवाल ने 2020 में आरजेडी के टिकट पर परिहार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकीं. इसके बाद 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें शिवहर सीट से उम्मीदवार बनाया, वहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

बताया जाता है कि लगातार दो चुनाव हारने के बाद पार्टी ने 2025 में उन्हें टिकट नहीं दिया. इससे नाराज होकर ऋतु ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया. इस चुनाव में वह दूसरे नंबर पर रहीं, जबकि बीजेपी उम्मीदवार गायत्री देवी ने जीत दर्ज की. निर्दलीय चुनाव लड़ने को पार्टी अनुशासन के खिलाफ मानते हुए आरजेडी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया.

बीजेपी क्यों दे रही है रितु को अहमियत?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रितु जायसवाल वैश्य समाज से आती हैं, जो ओबीसी वर्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. बीजेपी पिछले कुछ वर्षों से इस वर्ग के नेताओं को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है. ऐसे में रितु की एंट्री बीजेपी के सामाजिक समीकरण को और मजबूत कर सकती है. खासकर मिथिलांचल और उत्तर बिहार की राजनीति में इसका असर देखने को मिल सकता है.

खेसारी भी नितिन नबीन से मिले

वहीं शनिवार को खेसारी लाल यादव भी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और सीएम सम्राट से मिले. जिसके बाद चर्चा तेज हो गई कि क्या खेसारी भी भाजपा का दामन थामेंगे. लेकिन, उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि मैं कलाकार हूं कलाकार ही रहना चाहता हूं. खेसारी लाल यादव आरजेडी के टिकट पर छपरा से चुनाव लड़ चुके हैं. भाजपा की छोटी कुमारी ने उन्हें हराया था.

Also Read: बिहार में मौसम का डबल अटैक, कहीं हीट वेव तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए आपके जिले का हाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >