Barh Mini Gun Factory Busted : पटना. बाढ़ थाना क्षेत्र के बनारसी घाट गांव में पुलिस ने अवैध रूप से चल रही मिनीगन फैक्ट्री का खुलासा किया है. बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और पटना जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हथियार बनाने वाले कारीगर समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान मौके से अर्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस, हथियार बनाने के उपकरण और 62 हजार रुपये नकद बरामद किये गये. कार्रवाई 15 सितंबर को की गयी.
सूचना मिलने के बाद की गयी छापेमारी
पुलिस के अनुसार, एसटीएफ की विशेष टीम को बाढ़ थाना क्षेत्र के बनारसी घाट गांव में अवैध तरीके से हथियार बनाने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम ने वहां छापेमारी की. इस दौरान मौके पर हथियार निर्माण का काम चल रहा था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कौशल कुमार, रेखा देवी, गौरव कुमार पांडेय और सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
पांच अर्धनिर्मित कट्टा और 12 कारतूस मिले
छापेमारी के दौरान पुलिस को पांच अर्धनिर्मित कट्टा और 12 जिंदा कारतूस मिले. इसके अलावा तीन अर्धनिर्मित बैरल, तीन बेस मशीन, दो ग्राइंडर मशीन और एक ड्रिल मशीन भी बरामद की गयी. हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरणों के साथ 62 हजार रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किये हैं.
पटना में कारोबारी को डाक से मिला 3 किलो सोना देने का फरमान, STF ने दो को दबोचा, जांच में खुला ऐसा राज कि पुलिस भी रह गई हैरान
हथियारों की सप्लाई को लेकर जांच जारी
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ पुलिस उनके आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है. जांच का एक प्रमुख बिंदु यह भी है कि मिनीगन फैक्ट्री में तैयार किये जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां और किन लोगों को की जाती थी. पुलिस हथियार निर्माण और उसकी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
बाढ़ थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में बाढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस बरामद हथियार, कारतूस और उपकरणों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है. साथ ही गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर इस अवैध हथियार निर्माण से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
