Bihar Cabinet Expansion: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले गुरुवार को राजधानी पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य रोड शो होने जा रहा है. इस कार्यक्रम को लेकर पूरे शहर को सजा दिया गया है. प्रधानमंत्री के दौरे को सम्राट सरकार के लिए बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
बड़े नेताओं की रहेगी मौजूदगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस रोड शो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल रहेंगे. इतने बड़े नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को बिहार की राजनीति का बड़ा शक्ति प्रदर्शन बना दिया है.
प्रधानमंत्री का रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होगा. वहां से उनका काफिला हार्डिंग रोड, वीरचंद्र पटेल पथ और आयकर चौराहा होते हुए गांधी मैदान पहुंचेगा. पूरे रास्ते में भारी भीड़ जुटने की संभावना है. भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.
छह महीने बाद पटना पहुंच रहे हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब छह महीने बाद पटना आ रहे हैं. इससे पहले वह 20 नवंबर को बिहार के राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. ऐसे में उनका यह दौरा सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि बिहार की नई सत्ता व्यवस्था के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.
कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे पटना पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 12:05 बजे से 1:30 बजे तक उनका रोड शो चलेगा. करीब 12 बजे गांधी मैदान पहुंचने के बाद आगे के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी होगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सुरक्षा और ट्रैफिक पर प्रशासन की खास नजर
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पटना पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. पूरे रूट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. कई इलाकों में ट्रैफिक रूट बदले जा सकते हैं ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के पूरा हो सके. सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
इसे भी पढ़ें: सम्राट कैबिनेट का विस्तार कल, जदयू-भाजपा और NDA मंत्रियों की संभावित सूची में किसका-किसका नाम
