Bihar Cabinet Expansion: बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार और मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर गांधी मैदान में तैयारियां तेजी से की जा रही है. साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और बारिश की स्थिति में जल्द जल निकासी करने के लिए पटना नगर निगम की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं. नगर आयुक्त यशपाल मीणा और निगम के सभी वरीय पदाधिकारियों की निगरानी में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
300 से अधिक सफाई कर्मी रहेंगे तैनात
शपथ ग्रहण समारोह से पहले गांधी मैदान की साफ-सफाई के लिए लगभग 40 सफाई कर्मियों को लगाया गया है. कार्यक्रम के दौरान परिसर और शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने, पेयजल वितरण और जल निकासी की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 300 से अधिक सफाई कर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई है.
50 टीमों का गठन
नगर आयुक्त के निर्देशानुसार नूतन राजधानी और पाटलिपुत्र अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों की निगरानी में विभिन्न वार्डों के प्रभारी सफाई निरीक्षक अपनी-अपनी टीमों के साथ गांधी मैदान में कार्यरत रहेंगे. सभी 50 प्रभारी निरीक्षकों को अपने वार्ड से पांच-पांच सफाई कर्मियों की टीम तैयार करने का निर्देश दिया गया है. चयनित सभी सफाई कर्मियों को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
बारिश को देखते हुए भी किया गया इंतजाम
संभावित बारिश को देखते हुए पानी निकालने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. निगम की ओर से पांच सुपर सकर मशीनें तैनात की गई है, जिनमें से चार मशीनें गांधी मैदान परिसर के अंदर रहेंगी. इसके अलावा रामगुलाम चौक पर 83 एचपी और 10 एचपी के दो पंप सेट लगाए गए हैं. परिसर के अंदर 22 एचपी का एक और 10 एचपी के दो पंप सेट के साथ चार मिनी सक्शन मशीनों की भी व्यवस्था की गई है.
पेयजल की विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा के लिए पटना नगर निगम की ओर से चार ‘निगम नीर’ गाड़ियां और आठ वाटर टैंकर गांधी मैदान परिसर में लगाए जाएंगे. इसके इलावा गेट नंबर 7 और 10 पर स्थित स्थायी प्याऊ से भी निगम कर्मियों की ओर से लगातार पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा.
पिंक टॉयलेट और लू कैफे की सुविधा
लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में तीन पिंक टॉयलेट और पांच लू कैफे विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे. साथ ही गेट नंबर 7 के पास स्थित ग्रीन टॉयलेट की नियमित साफ-सफाई के लिए भी निगम कर्मियों की तैनाती की गई है.
पटना नगर निगम की ओर से शपथ ग्रहण समारोह को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. निगम प्रशासन का उद्देश्य समारोह में आने वाले सभी लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और किसी भी आपात परिस्थिति से जल्द निपटना है.
Also Read: रक्सौल एयरपोर्ट के लिए टेंडर जारी, सीएम सम्राट ने पीएम मोदी को कहा- थैंक यू
