पटना में जर्जर बिजली तार बना मौत का कारण, पूर्व मुखिया के बेटे की करंट लगने से मौत, बचाने पहुंचे 4 लोग भी झुलसे

Patna Electrocution accident : पटना जिले में बिजली विभाग की लापरवाही से एक बड़ा हादसा हुआ है. जर्जर बिजली तार की चपेट में आने से पूर्व मुखिया के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बचाने दौड़े परिवार के तीन अन्य सदस्य भी झुलस गए.

Patna Electrocution accident : पटना जिले के फुलवारीशरीफ स्थित गौरीचक थाना क्षेत्र की जैतिया पंचायत के अंडारी गांव में शनिवार को जर्जर बिजली तार की चपेट में आने से पूर्व मुखिया संत विलास मोची के 35 वर्षीय पुत्र मनोरंजन दास की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की.

बारिश के बीच टूटे तार की चपेट में आया युवक

ग्रामीणों के अनुसार, मनोरंजन दास शनिवार दोपहर गांव की गली से गुजर रहे थे. इसी दौरान बिना कवर वाला जर्जर एलटी बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था. लगातार बारिश के कारण जमीन गीली थी और पास की दीवार में भी करंट प्रवाहित हो रहा था. इसकी जानकारी नहीं होने के कारण जैसे ही मनोरंजन दास वहां पहुंचे, वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही तड़पने लगे.

बचाने पहुंचे परिजन भी झुलसे

मनोरंजन दास को बचाने के लिए सबसे पहले उनकी भाभी दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं. इसके बाद पूर्व मुखिया संत विलास मोची, उनकी पत्नी और परिवार का एक अन्य सदस्य भी बचाने पहुंचे, जिन्हें भी करंट का झटका लगा. ग्रामीणों ने किसी तरह सभी को वहां से हटाया, जिससे अन्य लोगों की जान बच गई. हालांकि मनोरंजन दास को बचाया नहीं जा सका.

बिजली आपूर्ति देर से बंद होने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति काफी देर बाद बंद कराई गई. तब तक मनोरंजन दास की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया. वह अपने पीछे पत्नी, बच्चों और परिजनों को छोड़ गए हैं.

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में जर्जर बिजली तार को बदलने की मांग कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर कुछ देर तक हंगामा भी किया.

पुलिस ने कराया शांत

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया. गौरीचक थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Also Read:बांकीपुर में क्यों बदला भाजपा का उम्मीदवार? अभिषेक बंटी की जगह नीरज सिन्हा को उतारने के पीछे क्या है रणनीति



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >