पैक्सो में नहीं खुले पेट्रोल पंप, नोटिस

पैक्सो में नहीं खुले पेट्रोल पंप, नोटिस

संवाददाता, पटनाबिहार में पैक्सों में पेट्रोल व डीजल के आउटलेट्स खोलने का मामला लटक गया है. सुपौल, पश्चिम चंपारण, नालंदा, समस्तीपुर, भागलपुर, मधुबनी, भोजपुर, वैशाली, पटना, गया, पूर्णिया, सारण और कैमूर में पेट्रोल और डीजल का आउटलेट खोलने के प्रस्ताव आये थे. कुल 16 जगहों पर आउटलेट्स खोले जाने की प्रक्रिया चल रही थी. इनमें किसी पैक्स के डिफॉल्टर होने, किसी में जमीन विवाद होने तो कहीं जमीन मालिक के जमीन देने से इन्कार करने के कारण मामला लटक गया है. लगभग एक साल से इसकी कवायद की जा रही है. सहकारिता विभाग ने सभी जिला के जिला सहकारिता पदाधिकारियों से स्थिति स्पष्ट कर रिपोर्ट मांगी है.

प्रक्रिया के बीच में आयीं अड़चनें

सुपौल के मेहासिमर पैक्स ने पेट्रोल-डीजल आउटलेट्स के लिए आवेदन किया था. मगर, इसके लिए चिह्नित जमीन करैहिया पैक्स के अधीन थी. जबकि करैहिया पैक्स डिफॉल्टर है. मेहासिमर से दूर भी है. इस कारण पैक्स इच्छुक नहीं है. पश्चिमी चंपारण के बाल्मीकिनगर पैक्स में तेल कंपनी ने जमीन का सत्यापन किया. मगर, पैक्स अध्यक्ष ने विभाग को बताया है कि चयनित जमीन बंटवारे के पेच में फंस गयी है. भागलपुर के दरियापुर पैक्स का आवेदन तेल कंपनी की ओर से अस्वीकृत कर दिया गया है. मधुबनी के करूणा, छतौनी और कटैया पैक्स ने आवेदन किया. मगर, तीनों की जगह ऑनलाइन पोर्टल पर गुड़ियापंजीआर का चयन ग्रुप-1 में किया गया है.

पटना के कुरथौल में पैक्स की जगह दूसरे को मिली स्वीकृति

नालंदा की मेयर, भोजपुर की बहोरन पैक्स व गया में एक जगह जमीन नहीं मिलने और दूसरी जगह आवेदन नहीं होने से मामला पेंडिग है. वैशाली के वैशाली पंचायत पैक्स में जमीन मालिक ने एकरारनामा करने से इन्कार कर दिया है. पटना के फुलवारीशरीफ प्रखंड के कुरथौल पैक्स ने आवेदन किया था. मगर तेल कंपनी ने किसी दूसरे आवेदक के आवेदन को स्वीकृत कर लिया. पैक्स का आवेदन अस्वीकृत कर दिया है.

पूर्णिया और सारण से आवेदन ही नहीं आये

समस्तीपुर के दुधपूरा और मंगलगढ़ पैक्स ने आवेदन के बाद की स्थित स्पष्ट नहीं की. भागलपुर के कोदंडाडोहरीह पैक्स को लेकर तेल कंपनी ने कोई जानकारी अपडेट नहीं की है. पूर्णिया और सारण में चिह्नित जमीन के लिए आवेदन ही नहीं आये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mithilesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >