Pawan Singh Meet Lalu Yadav: पटना के ज्ञान भवन में भोजपुरी मनोरंजन की चमक-दमक के बीच एक ऐसी मुलाकात हुई, जिसने राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक लोगों का ध्यान खींच लिया. मौका था रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' के ग्रैंड फिनाले का, जहां राजद प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और भोजपुरी स्टार और बीजेपी एमएलसी पवन सिंह आमने-सामने आए.
चाचा... सुनते ही रुके लालू प्रसाद
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही पवन सिंह की नजर लालू यादव पर पड़ी, वह बिना देर किए उनके पास पहुंच गए. इस दौरान उन्होंने कहा, 'चाचा... बहुत दिन बाद मिले.' पवन सिंह ने झुककर लालू यादव के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया. लालू प्रसाद ने मुस्कुराते हुए पवन सिंह के कंधे पर हाथ रखा और उन्हें आशीर्वाद दिया. दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत भी हुई. यह पूरा पल वहां मौजूद कैमरों में कैद हो गया.
चर्चा में मुलाकात का वीडियो
मुलाकात का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई. लोग पवन सिंह के इस अंदाज को उनके संस्कार और लालू यादव के प्रति सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं. खास बात यह रही कि राजनीतिक तौर पर अलग-अलग खेमों में होने के बावजूद दोनों के बीच मुलाकात में गर्मजोशी नजर आई. लेकिन दोनों के बीच क्या कुछ बातचीत हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.
एक साथ दिखे भोजपुरी स्टार्स
भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकार पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे सितारे रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आए. शो के जरिए पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेजप्रताप यादव पहली बार एक साथ नजर आए.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
तेज प्रताप ने पवन सिंह पर क्या कहा?
पटना के ज्ञान भवन में तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने बीजेपी MLC और भोजपुरी कलाकार पवन सिंह पर निशाना साधा. तेज प्रताप यादव ने कहा, 'मैं कृष्ण भगवान का भक्त हूं. वृंदावन आता-जाता रहता हूं. तुलसी की माला धारण किया हूं. शराब वगैरह से दूर रहता हूं.'
उन्होंने कहा कि कलाकारों को शराब से दूर रहना चाहिए. तेज प्रताप ने पवन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा, 'लेकिन कुछ कलाकार हैं, जो शराब पीते हैं. अंदर में शराब पीकर एक कलाकार ठुमका लगा रहा है.' उन्होंने आगे कहा, 'MLC हो गए हैं, शराब पी रहे हैं. केस होगा तो धरा जाएंगे.'
