Patna Weather News : बिहार में इन दिनों मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है, जिसका असर लगभग सभी जिलों में देखने को मिल रहा है. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम सामान्य बना हुआ है. इसी मानसूनी गतिविधि का सीधा असर राजधानी पटना पर भी पड़ा है, जहां बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय दिल्ली, देवमाली और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. यही कारण है कि पूरे बिहार में बादलों का दबदबा बना हुआ है और कई जिलों में बारिश की स्थिति बनी हुई है.
Rain Alert: अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक पटना में अगले 24 घंटे के दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना भी जताई गई है.
राजधानी का अधिकतम तापमान फिलहाल 33.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है. अगले तीन दिनों के दौरान इसमें दो से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है, लेकिन बारिश की वजह से मौसम ज्यादा गर्म नहीं होगा.
पटना में मौसम का बदला मिजाज
राजधानी पटना में मानसून की सक्रियता साफ तौर पर महसूस की जा रही है. आसमान में लगातार बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. हालांकि दिन में कभी-कभी तेज धूप निकलने से उमस का असर अब भी बना हुआ है.
18 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में येलो अलर्ट जारी किया है.
शनिवार को बारिश और उमस का असर
बीते 24 घंटे के दौरान पटना में 23.1 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके बावजूद दिनभर बादल और धूप के बीच आंख-मिचौली चलती रही, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना नहीं हो सका. लेकिन तापमान में गिरावट ने राहत जरूर दी है.
11 अगस्त तक ऐसे ही रहेंगे हालात
पटना में 8 अगस्त से 11 अगस्त तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रह सकता है.
अन्य जिलों में भी असर, कुछ जगहों पर अलर्ट
पटना के अलावा बिहार के अन्य जिलों में भी मानसून का असर देखने को मिल रहा है. भभुआ और किशनगंज जिले के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
बिहार में अब भी 35 प्रतिशत बारिश की कमी
हालांकि मानसून सक्रिय होने के बावजूद बिहार में अभी भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक 362.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 560.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. यानी अब भी करीब 35 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है.
IMD ने दी सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. खासकर आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है.
फिलहाल पटना में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. ऐसे में लोगों को मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या में बदलाव करने और सतर्क रहने की जरूरत है.
Also Read-- Weather Update: पटना समेत 19 जिलों में भरी बारिश-वज्रपात का अलर्ट, बिहार में फिर एक्टिव हुआ मानसून
