पटना यूनिवर्सिटी में हंगामा, ताला लेकर पहुंचे छात्रसंघ अध्यक्ष, नए भवन के उद्घाटन के लिए पहुंचे हैं CM नीतीश

Patna University: पटना यूनिवर्सिटी में CM के कार्यक्रम से पहले ही हंगामा हो गया. छात्र संघ अध्यक्ष शांतनु शेखर ने बिना सूचना के उद्घाटन कराने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.

Patna University: पटना यूनिवर्सिटी में हंगामा हो गया है. नए एकेडमिक और प्रशासनिक भवन के उद्घाटन के लिए सीएम नीतीश पहुंचे हैं. उनके पहुंचने के पहले छात्र संघ के अध्यक्ष शांतनु शेखर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

छात्रों का आरोप- हमें नहीं दी गई सूचना

छात्र संघ अध्यक्ष शांतनु शेखर ने आरोप लगाया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की जानकारी उन्हें नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि न सिर्फ छात्र संघ को, बल्कि विश्वविद्यालय के कुलपति तक को औपचारिक निमंत्रण नहीं दिया गया. शांतनु ने साफ कहा कि वह छात्रों के प्रतिनिधि हैं और उनके हितों की आवाज उठाने के लिए यहां आए हैं.

ताला लगाने पहुंचे थे छात्र नेता

विरोध के दौरान शांतनु शेखर हाथ में ताला लेकर पहुंचे थे और भवन में ताला लगाने की कोशिश कर रहे थे. हालांकि, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. इस दौरान परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

मौके पर मंत्री और अधिकारी, छात्रों ने घेरा

घटनास्थल पर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और शिक्षा मंत्री सुनील सिंह भी मौजूद थे. छात्रों ने दोनों नेताओं को घेर लिया और अपनी नाराजगी जाहिर की. जिला प्रशासन ने भी छात्रों को समझाने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.

147.29 करोड़ की लागत से बने हैं नए भवन

बताया जा रहा है कि आज मुख्यमंत्री इन नए भवनों का उद्घाटन करने वाले हैं. करीब 147.29 करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्रशासनिक भवन (G+8) और एकेडमिक भवन (G+9) आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं. उद्घाटन के बाद विश्वविद्यालय का मुख्यालय नए प्रशासनिक ब्लॉक में शिफ्ट किया जाएगा.

छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएं

नए एकेडमिक भवन में पीजी विभागों को स्थानांतरित किया जाएगा. यहां हर फ्लोर पर CCTV, मीटिंग और सेमिनार हॉल, शुद्ध पेयजल और लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. बिजली संकट से निपटने के लिए सोलर प्लांट और सब स्टेशन भी बनाया गया है. साथ ही पार्किंग और गार्डन की व्यवस्था भी की जा रही है.

Also Read: 20 साल का कार्यकाल और एक लाइन में इस्तीफा, नीतीश के लेटर की क्यों हो रही चर्चा?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >